BJP मंत्री के बयान पर भड़की करणी सेना, घर के बाहर फूंका पुतला, जूतों से स्वागत करने की चेतावनी

बीजेपी मंत्री बिसाहूलाल के बयान पर प्रदेश भर में आक्रोश, कई जिलों में फूंके गए बिसाहुलाल के पुतले, करणी सेना बोली- इस्तीफा दो वरना जहां दिखोगे, मुंह काला कर जूतों से स्वागत करेंगे

Updated: Nov 26, 2021, 11:31 AM IST

भोपाल। शिवराज सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह अपने बड़बोलेपन के कारण मुश्किलों में फंस गए हैं। राजपूत महिलाओं के खिलाफ बयानबाजी मामले में प्रदेश के कई जिलों में आज बिसाहुलाल के पुतले फूंके गए हैं। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने बिसाहूलाल के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा है कि वे जहां दिखेंगे वहां उनका मुंह काला कर जूतों से स्वागत किया किया जाएगा।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में करणी सेना के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बीजेपी मंत्री के चार इमली स्थित घर के सामने पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजपूत महिलाएं भी मौजूद थीं। इस दौरान करणी सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि बिसाहूलाल यदि खैरियत चाहते हैं तो जल्द से जल्द माफी मांगें और इस्तीफा दें। संभाग अध्यक्ष सचिन सिंह ने कहा कि यदि कोई सिरफिरे मंत्री की पिटाई कर देते हैं तो हम उसके लिए जिम्मेदार नहीं होंगे। 

होशंगाबाद में भी बीजेपी मंत्री के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। यहां शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मीनाक्षी चौक पर करणी सेना ने बिसाहूलाल का पुतला दहन किया। होशंगाबाद जिला अध्यक्ष विकास पवार ने कहा उन्होंने राजपूत समाज की महिलाओं को लेकर शर्मनाक बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बिसाहूलाल प्रदेश में जहां भी जाएंगे करणी सेना उनका जूतों से स्वागत करेगी। करणी सेना ने सीएम शिवराज से बिसाहूलाल को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: मंत्री बिसाहूलाल ने राजपूत महिलाओं को घर से बाहर निकालने की कही बात, कांग्रेस ने बताया राजपूतों का अपमान

इसी तरह अनूपपुर में जिलाध्यक्ष राम सिंह बघेल के नेतृत्व में करणी सैनिकों ने बिसाहूलाल का पुतला दहन किया। यहां करणी सैनिकों ने बिरसिंहपुर पाली में करणी सैनिकों ने रैली निकाली। करणी सेना ने यहां एसडीएम पाली नेहा सोनी को सीएम शिवराज के नाम ज्ञापण सौंपकर इस्तीफे की मांग की। खरगोन में भी श्रीकृष्ण तिराहे पर करणी सैनिकों ने इकट्ठा होकर जमकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। उमरिया और इमलाई में भी करणी सैनिकों का जमकर आक्रोश देखने को मिला है। 

इसके पहले करणी सेना के प्रदेश संगठन मंत्री शैलेन्द्र सिंह झाला ने करणी सैनिकों के लिए विवादित आदेश जारी कर कहा है कि राजपूत महिलाओं का अपमान करने वाला बिसाहूलाल जहां भी दिखे वहां घसीटकर उसकी पिटाई की जाए साथ ही उसके मुंह काला किया जाए। उन्होंने कहा कि, 'इतिहास में समय-समय पर राजपूत महिलाओं ने देश और धर्म की रक्षा की है। हाड़ा रानी ने खुद का गर्दन काटकर पति को भेंट की थी। रानी पद्मावती ने जौहर कर धर्म का रक्षा किया था। बिसाहूलाल हमारे ऊपर बोलने से पहले हमारा इतिहास देख लें।

यह भी पढ़ें: भोपाल: कर्ज में डूबे मैकेनिक परिवार के पांच सदस्यों ने खाया जहर, दादी-पोती की मौत, तीन की हालत नाजुक

दरअसल, अनूपपुर में सर्वजन सुखाय सामाजिक संस्था ने नारी रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मंत्री बिसाहूलाल सिंह शामिल को बुलाया गया था। यहां लोगों लो संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, 'ठाकुर लोग अपने घर की महिलाओं को घर के बाहर नहीं निकलने देते। ठाकुरों की महिलाओं को घर से पकड़कर बाहर निकालो। तभी समाज में समानता आएगी।'