खरगोन: दंगा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए कांग्रेस विधायक, सभी को आर्थिक सहायता देने का किया ऐलान

खरगोन विधानसभा क्षेत्र के विधायक रवि जोशी ने दंगा पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान किया है, उन्होंने कहा है कि वे घायलों का इलाज खर्च और जिनके घर जले हैं उन्हें वे 50 हजार रुपए मुआवजा देंगे

Updated: Apr 16, 2022, 10:02 AM IST

खरगोन। रामनवमी पर मध्य प्रदेश के खरगोन में हुए सांप्रदायिक दंगों ने सैंकड़ों लोगों को नुकसान पहुंचाया है। दर्जनों परिवार बेघर हो गए और कई लोग घायल हैं। इस मुश्किल घड़ी में स्थानीय कांग्रेस विधायक रवि जोशी अपने लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं।

कांग्रेस नेता ने ऐलान किया है की जिन लोगों के घर जलाए गए हैं उन्हें वह 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देंगे। इसके अलावा जिनके घरों में तोड़फोड़ हुई है वैसे लोगों को 10 हजार रुपए देंगे। जिनके वाहन जलाए गए और इंश्योरेंस से उसकी भरपाई नहीं हो रही है तो उन्हें भी 10 हजार रुपए देंगे। 

रवि जोशी ने दंगों में घायल हुए लोगों के इलाज का पूरा खर्च वहन करने का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे मामूली रूप से घायल लोगों को 10 हजार रूप देंगे वहीं जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और बेहतर इलाज करा पाने में असमर्थ हैं, उनके लिए समुचित इलाज की व्यवस्था करेंगे।

कांग्रेस विधायक ने खरगोन कलेक्टर से मिलकर ऐसे लोगों की सूची भी मांगी है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से कहा है कि शहर की स्थितियों को देखते हुए जल्द से जल्द कर्फ्यू को खोल कर शहर में शांति लाने हेतु आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही रहवासियों से अपील की है कि सभी तरह की अफवाहों से बचें।