Crime in MP : खरगोन में अवैध हथियार फ़ैक्ट्री का भंडाफोड़

पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर फैक्ट्री में बने 40 देसी पिस्टल और कट्टे जब्‍त किए, पुलिस टीम को 30 हजार का इनाम

Publish: Jun 20, 2020, 08:04 AM IST

मालवा निमाड़ क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। खरगोन पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक नाबालिग है। आरोपियों के पास से सीतापुर गांव स्थित फैक्ट्री में बने 40 देसी पिस्टल और कट्टे सहित अन्य सामान बरामद हुए हैं। पुलिस टीम की इस उपलब्धि पर आईजी ने 30 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।

इंदौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस महीने बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस जब्त किए थे। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खरगोन और बड़वानी में हथियार बनाने की बात कुबूल की थी। जिसके बाद आईजी के निर्देश पर पुलिस ने टीम बनाकर अवैध हथियारों की धरपकड़ की। मीडिया को जानकारी देते हुए आईजी विवेक शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन के कारण आरोपी अवैध हथियारों को बेच नहीं पाए थे लॉकडाउन में छूट मिलते ही ये आरोपी एक्टिव हुए और पकड़े गए।

3 बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने 106 अवैध हथियार जब्त किए

गौरतलब है कि पुलिस ने 1, 11 और 17 जून को बड़ी कार्रवाई की थी। एक जून को 35 और 11 जून को 37 अवैध हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस जब्त किए थे। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खरगोन और बड़वानी में हथियार बनाने की बात कुबूल थी। 11 जून को अवैध हथियार की सप्लाई करने इंदौर आए चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, बदमाशों के पास से 37 अवैध हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। चारों आरोपी खरगोन के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। ये इंदौर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी करते थे। इन आरोपियों के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। आरोपी खुद ही हथियार बनाकर सप्लाई करते थे। ये पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया था। वहीं 17 जून को उज्जैन में घर पर अवैध रूप से कारखाना खोलकर कट्टा और पिस्टल बनाने वाले सुखपाल और उसके दो बेटों को पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर खरगोन भीकनगांव निवासी गुरूसिंह को भी खरगोन में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। जीवाजीगंज थाना पुलिस ने उसके घर से हथियार बनाने के कलपुर्जे जब्त किए थे। खरगोन पुलिस महानिरीक्षक विवेक शर्मा ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। दौरान बड़ी संख्या में अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं मालवा निमाड़ क्षेत्र में पुलिस बल की यह बड़ी सफलता है। क्राइम ब्रांच के अनुसार 2020 में अवैध हथियार से जुड़ी तीन बड़ी कार्रवाई में 106 अवैध हथियार जब्त किए गए है।