MP में 20 जून तक आ जाएगा मॉनसून, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर के रास्ते होगी प्रदेश में एंट्री

मध्य प्रदेश के मौसम में जल्द ही बदलाव होने वाला है। केरल में गुरुवार को मॉनसून ने दस्तक दे दी है। 20 जून तक मॉनसून मध्य प्रदेश में भी दस्तक देने वाला है।

Updated: Jun 09, 2023, 01:30 PM IST

भोपाल। देश में गुरुवार से केरल में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। सामान्य रूप से माना जाता है कि 1 जून के आसपास मॉनसून केरल में दस्तक दे देता है। लेकिन इस साल मॉनसून में लगभग 7 से 8 दिनों की देरी से केरल में दस्तक दी है। इसके बाद अब मॉनसून तेजी से देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी दस्तक देगा। माना जा रहा है कि हवाओं का रुख सामान्य बना रहा तो 20 जून तक मध्य प्रदेश में मॉनसून आ जाएगा।

हालांकि, मॉनसून से पहले प्री मानसून बारिश का दौर जारी है। बुधवार-गुरुवार के दरमियान उज्जैन में सर्वाधिक 36 मिलीमीटर बारिश रेकॉर्ड हुई। खजुराहो में 6, उज्जैन में 3.6, मंडला में 1.4, सिवनी में 0.6 और इंदौर में 0.2 मिलीमीटर पानी गिरा। भोपाल में भी गुरुवार देर रात बारिश हुई। मध्य प्रदेश में इस बार मौसम में हो रहे बार-बार बदलाव के कारण रुक- रुक कर बारिश होती रही है। 20 जून तक प्रदेश में प्री-मॉनसून की एक्टिविटी जारी रहेगी। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान भी है।

यह भी पढ़ें: MP सरकार वापस लेगी कोरोना लॉकडाउन उल्लंघन के केस, 56 हजार से ज्यादा मामले थे दर्ज

सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि मॉनसून पिछली बार की तरह ही खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर के रास्ते आएगा। सबसे पहले इंदौर, फिर भोपाल, ग्वालियर-जबलपुर भीगेगा। पिछले साल 16 जून को ही मानसून प्रदेश में आ गया था। वहीं, 1 जुलाई तक प्रदेशभर में एक्टिव हो गया था। पिछले 13 साल में दो बार 10 जून को ही मॉनसून की एंट्री हो गई थी। वर्ष 2013 और 2021 में मॉनसून समय से पहले आ गया था। आमतौर पर मॉनसून आने की तारीख 15 जून है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश हो सकती है। श्योपुरकलां, धार, रायसेन, बैतूल, भिंड, राजगढ़, खंडवा, विदिशा, सागर, अशोकनगर, बुरहानपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, डिंडोरी और दमोह जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। भोपाल में बादल छा सकते हैं। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी।