Bhopal: भारत माता की 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण

Shivraj Singh Chouhan: शौर्य स्मारक में भारत माता की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बोले आज मेरा संकल्प साकार हुआ

Updated: Aug 16, 2020, 02:07 AM IST

photo courtesy :dpr
photo courtesy :dpr

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भोपाल के शौर्य स्मारक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत माता की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्र ने कहा कि आज वह खुद को परम सौभाग्यशाली मानते हैं,शौर्य स्मारक में भारत माता की दिव्य और भव्य प्रतिमा स्थापित करने का मेरा संकल्प आज साकार हो गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतमाता की मूर्ति के अनावरण के पहले शौर्य स्तम्भ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि शौर्य स्मारक पर वीरों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने आए सरसंघ चालक मोहन भागवत सहित अनेक लोगों के मन में अक्सर यह भाव आता था कि यहां भारत माता की मूर्ति होनी चाहिए। यह सपना आज साकार हुआ। उन्होंने कहा शौर्य स्मारक आने वाला हर व्यक्ति वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देकर भारतमाता को प्रणाम कर देश भक्ति के भाव से भर जाएगा।

भारत माता की कांस्य प्रतिमा की पेडस्टल समेत लंबाई लगभग 37 फीट है, वे कमल पर खड़ी हैं। भारत माता की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर, नगरीय विकास और आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह और संस्कृति, पर्यटन एवं अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर भी  मौजूद रहीं।

भोपाल में भारतीय सेना के शहीदों की स्मृति और सम्मान में स्थापित इस शौर्य स्मारक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 अक्टूबर, 2016 को किया था। करीब 13 एकड़ क्षेत्र में निर्मित शौर्य स्मारक में भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना से संबंधित संक्षिप्त ऐतिहासिक जानकारी देखने और पढ़ने को मिलती है। साथ ही उससे संबंधित चित्र, अस्त्र-शस्त्रों के छाया चित्र, टेबल टॉप मॉडल, स्केल मॉडल, शौर्य पदकों के विवरण एवं प्रकाशन पर्यटकों के लिए रखे गए हैं। जहां लघु फिल्में प्रदर्शित करने के साथ भारतीय सेना की शौर्य गाथाओं से भी लोगों को परिचित कराया जा रहा है।