MP: BJP नेता को सैकड़ों गाड़ियों के काफिले से चलना पड़ा भारी, पार्टी ने पद से हटाया

भिंड में भाजपा के किसान नेता सज्जन सिंह यादव ने 100 गाड़ियों के साथ रैली निकाली। हालांकि, चौतरफा आलोचना के बाद अब पार्टी ने उन्हें पद से हटा दिया है।

Updated: May 14, 2026, 06:52 PM IST

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से वैश्विक संकट को लेकर अपील कर रहे हैं कि पेट्रोल-डीजल कम खर्च करें। वहीं, मध्य प्रदेश में बीजेपी के नेता ही उनकी नसीहत की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह हाल ही में 700 गाड़ियों के काफिले के साथ पदभार ग्रहण करने भोपाल पहुंचे थे। इसके बाद भिंड में भाजपा के किसान नेता सज्जन सिंह यादव ने 100 गाड़ियों के साथ रैली निकाली। हालांकि, चौतरफा आलोचना के बाद अब पार्टी ने उन्हें पद से हटा दिया है।

दरअसल, भाजपा किसान मोर्चा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव के भिंड आगमन पर समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। ग्वालियर से भिंड तक निकाले गए इस काफिले में 100 से अधिक वाहन शामिल बताए जा रहे हैं। मालनपुर, गोहद चौराहा और मेहगांव सहित कई स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। फूल-मालाओं और नारों के बीच शक्ति प्रदर्शन ने शहर का माहौल पूरी तरह राजनीतिक बना दिया।

काफिले के शहर में प्रवेश करते ही कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। आम लोगों को घंटों ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा। चूंकि काफिले के कारण नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने सवाल उठाए। यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईंधन बचाने और सादगी अपनाने की अपील कर रहे थे।

मामले को तूल पकड़ता देख भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तत्काल संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को पद से हटा दिया। इस मामले में देश में यह पहली कार्रवाई है। हालांकि, इस कार्रवाई के बीच अब सवाल उठ रहे हैं कि पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह के खिलाफ कार्रवाई कब होगी? क्योंकि वे तो 700 गाड़ियों के काफिले के साथ पदभार ग्रहण करने भोपाल पहुंचे थे।