शिवराज सरकार के मंत्री के भाई पर छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री मीणा सिंह के भाई पर गंभीर आरोप, छात्रावास की महिला अधीक्षक ने छेड़छाड़ करने और निर्वस्त्र करके घुमाने की धमकी देने का लगाया इल्ज़ाम

Updated: Mar 14, 2021, 12:37 PM IST

Photo Courtesy : JoshHosh
Photo Courtesy : JoshHosh

उमरिया। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार के एक मंत्री के भाई पर महिला से छेड़छाड़ और धमकी देने का संगीन आरोप लगा है। एक कन्या छात्रावास की महिला अधीक्षक ने राज्य सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री मीणा सिंह के भाई राजेन्द्र उर्फ रज्जन सिंह पर छेड़छाड़ और धमकाने का इल्ज़ाम लगाया है। मंत्री के भाई को इस मामले में गिरफ्तार भी कर लिया गया है। हाल ही में झाबुआ के बीजेपी जिलाध्यक्ष पर भी एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मदद की गुहार लगाई थी।

मंत्री मीणा सिंह के भाई के खिलाफ लगे आरोप का मामला उमरिया के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का है।  गांव के कन्या छात्रावास की महिला अधीक्षक ने आरोप लगाया है कि जनजातीय कार्य मंत्री मीणा सिंह के भाई राजेन्द्र उर्फ रज्जन सिंह बीते 7 मार्च को छात्रावास में घुस आए और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। आरोप है कि ऐसा करने से रोकने पर रज्जन सिंह ने मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला अधीक्षक का आरोप है कि मंत्री के भाई ने अपने सियासी रसूख की धौंस दिखाते हुए यहां तक कह दिया कि वो उन्हें निर्वस्त्र करके चौराहे पर घुमाएगा। 

यह भी पढ़ें: खंडवा में संविधान विरोधी बैनर लगाए जाने पर बोले दिग्विजय सिंह, संविधान बदलने की फिराक में बीजेपी

मामले में पीड़िता की शिकायत के बाद नौरोजाबाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने रज्जन सिंह के खिलाफ सरकारी कामकाज में रुकावट डालने, छेडख़ानी और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोपों में आईपीसी की धारा 451, 353, 354, 294 और 506 के तहत केस दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि मंत्री मीणा सिंह के भाई रज्जन सिंह पर इससे पहले भी मारपीट के आरोप लग चुके हैं। साल 2017 में रज्जन पर शराब पीकर एसडीओ को रॉड से पीटने का आरोप लगा था, जिसमें एसडीओ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पैर का टखना फ्रैक्चर हो गया था।

यह भी पढ़ें: कपड़ों के दामों ने भी छुआ आसमान, 40 साल बाद देखी गई इतनी तेजी

इस मामले में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्विटर के जरिए गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने लिखा है, 'कमल पर कीचड़ ही कीचड़: —कैबिनेट मंत्री का भाई छेड़छाड़ में अरेस्ट, झाबुआ जिलाध्यक्ष पर यौन शोषण का आरोप। शिवराज जी, इस निरंकुशता का ज़िम्मेदार कौन..?'

 

कांग्रेस ने झाबुआ के जिस मामले का जिक्र किया है, वह बीजेपी के जिलाध्यक्ष पर लगे यौन शोषण के आरोप का है। दरअसल झाबुआ के बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण नायक पर एक महिला ने डरा-धमकाकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है और इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज तक इंसाफ की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि मामले में एक महीना गुजर जाने के बाद भी पुलिस उसकी एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रही है। महिला के पति का आरोप है कि आरोपी को बीजेपी के कुछ बड़े नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है, जिसके चलते पुलिस आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।

यह भी पढ़ें: बीजेपी जिलाध्यक्ष के ख़िलाफ़ फ़रियाद लेकर सीएम शिवराज के पास पहुँची महिला, यौन उत्पीड़न का लगाया आरोप

एक महीना गुजरने के बाद महिला कल सीएम शिवराज से न्याय मांगने भोपाल आई थी। महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी चिट्ठी लिखकर इंसाफ मांगा है। महिला वीडी शर्मा से भी मिल चुकी है, लेकिन उसका कहना है कि अब तक आरोपी के खिलाफ केस तक दर्ज नहीं किया गया है।