MP By Elections: शिवराज बोले, कमलनाथ परदेसी हैं, मैं इसी माटी में जन्मा हूं, जनता का दर्द समझता हूं
शिवराज चौहान ने कमलनाथ को कहा परदेसी, बोले वे कानपुर के हैं या कलकत्ता के? कोई नहीं जानता है

आगर-मालवा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने आगर के तनोडिया और धार के बदनावर में चुनावी सभाएं की और कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने खुद को नंगा भूखा और कमलनाथ को सेठ बताते हुए कटाक्ष किया। महिलाओं, बच्चों, प्रसूताओं, छात्रों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने पीसीसी चीफ कमलनाथ को कहा परदेसी
कमलनाथ पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि वे कानपुर के हैं या कलकत्ता के यह कोई नहीं जानता है। इसलिए वे मध्य प्रदेश की माटी की सुगंध से परिचित नहीं हैं। कमलनाथ पर चुटकी लेते हुए परदेशी तक कह दिया। वहीं अपनी तारीफ करते हुए कहा कि मैं इसी मिट्टी में जन्मा हूं, इस धरती से परिचित हूं। बदनावर से बीजेपी प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव को जिताने की अपील करते हुए कहा कि जब वे जीतेंगे, तभी आपका शिवराज सिंह मुख्यमंत्री बना रह सकेगा।
कमलनाथ जी, कानपुर के हैं या कलकत्ता के? कोई नहीं जानता है। आप तो मध्य प्रदेश की माटी की सुगंध से परिचित नहीं हैं।
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) October 19, 2020
कमलनाथ जी तुम तो ठहरे परदेसी साथ क्या निभाओगे... मैं तो यहीं जन्मा हूं और मुझे अपनी माटी और जनता से प्रेम है: मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj pic.twitter.com/BqaMjLygG5
रावण, दुर्योधन से कमलनाथ तुलना
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा इमरती देवी पर की गई टिप्पणी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कमलनाथ की तुलना दुर्योधन और रावण तक से कर डाली। उन्होंने कहा कि ‘यह वो धरती है जहां सीता मैया का अपहरण हुआ था, तो रावण के वंश का कोई नामलेवा नहीं बचा। द्रौपदी का चीरहरण दुर्योधन और दुःशासन ने किया, तो उनके सौ भाइयों में से एक भाई भी जीवित नहीं बचा। यह धरती कुछ भी सह लेगी लेकिन महिलाओं का अपमान नहीं सहेगी’।
कमलनाथ याद रखें कि ये वो देश है जहां द्रौपदी के अपमान पर महाभारत हो गया था। प्रदेश की जनता आपको माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीसीसी चीफ पर महिला और दलित बेटी के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के इस तरह के बयान से कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है। कमलनाथ द्वारा किया गया कमेंट इमरती देवी ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश की बहन और बेटियों का अपमान है।
चुनावी सभा में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस सरकार पर गरीबों का पैसा छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने संबल योजना बंद कर गरीब के कफन तक का पैसा छीने हैं। मुख्यमंत्री ने गरीबों को मकान और पानी सप्लाई की सुविधा का वादा करते हुए कहा कि आने वाले तीन साल में सबको पक्का मकान बनाकर दिया जायेगा और हर घर में नल से जल पहुंचाने के संकल्प भी पूरा होगा। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गरीबों की दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख और सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये तथा अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपये देने की योजना बनाई है, जिससे गरीबों को लाभ हो रहा है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं के स्वसहायता समूहों द्वारा महिला सशक्तिकरण करने का वादा दोहराया। विकास और जनता के कल्याण के कामों में कोई कसर नहीं छोड़ने का वादा किया।