MP Elections: कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया नहीं लड़ेंगी चुनाव, खराब स्वास्थ्य को बताया कारण

शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। सरकार और संगठन को चिट्ठी लिखकर उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है।

Updated: Sep 29, 2023, 01:09 PM IST

शिवपुरी। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को चिट्ठी लिखकर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। इसके पीछे की वजह उन्होंने खराब स्वास्थ्य का होना बताया है। फिलहाल यशोधरा शिवपुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं।

बताया जा रहा है कि यशोधरा ने संगठन को जो पत्र लिखा है उसमें उन्होंने 4 बार कोविड होने का जिक्र किया गया है। यशोधरा ने चुनाव में भागदौड़ से परेशानी होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वो बीते दिनों में 4 बार कोविड का शिकार हो चुकी हैं। शारीरिक तौर पर परिश्रम की स्थिति में नहीं हैं। चुनाव में लगातार भागदौड़ होने के कारण परेशानी बढ़ सकती है। इस वजह से वो चुनाव नहीं लड़ेंगी। वह फिलहाल 5-6 महीने आराम करना चाहती हैं।

यशोधरा राजे सिंधिया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ और राजमाता की बेटी हैं। सियासी जानकारों की माने तो यशोधरा राजे सिंधिया की टिकट कटना तय माना जा रहा था। यही कारण है कि उन्होंने टिकट कटने के पहले ही चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया है। दरअसल, शिवपुरी से सिंधिया परिवार के कई करीबियों ने हाल के दिनों में कांग्रेस ज्वाइन किया है। ऐसे में यशोधरा राजे की जीत डगमगाती हुई बताई जा रही थी। 

पिछले कुछ दिनों में ही शिवपुरी से तीन बड़े भाजपा नेता राकेश गुप्ता बैजनाथ यादव और रघुनाथ सिंह धाकड़ कांग्रेस में आए हैं। अब शिवपुरी से यशोधरा राजे के चुनाव नही लड़ने के एलान के बाद इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि इस बार भाजपा वहां बड़ा चेहरा देने की तैयारी में है। भाजपा ने जिस तरह केंद्रीय मंत्रियों और बड़े नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ने को मजबूर कर दिया है, इस स्थिति में ये भी माना जा रहा है कि पार्टी ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी चुनावी मैदान में भेज सकती है।