मां को वीडियो पर हिमाचल की वादियां दिखाते हुए गई बेटी की जान, IIT इंजीनियर प्रतीक्षा की लैंडस्लाइड में मौत

27 वर्ष की प्रतीक्षा आईआईटी से पढ़ाई करने के बाद स्पेन जाने वाली थीं, प्रकृति से प्रेम के कारण वह हिमाचल घूमने गयीं और दर्दनाक हादसे में उनकी मौत हो गई, इस हादसे में कुल 9 लोग मारे गए

Updated: Jul 28, 2021, 04:04 AM IST

नई दिल्ली/भोपाल। हिमाचल प्रदेश में रविवार को हुए लैंडस्लाइड में जिन 9 लोगों की मौत हुई, उनमें मध्य प्रदेश की रहने वाली प्रतीक्षा भी एक थीं। प्रतीक्षा का शव आज दिल्ली पहुंचा, जहां उनका परिवार उनके पार्थिव शरीर को महाराष्ट्र के नागपुर ले गया। प्रतीक्षा का अंतिम संस्कार नागपुर के कोराडी में किया जाएगा। 

हादसे से ठीक पहले मां से हो रही थी बात

रविवार को किन्नौर जिले में हुए हादसे से ठीक पहले प्रतीक्षा अपनी मां से बात कर रही थीं। प्रतीक्षा वीडियो कॉल पर अपनी मां को हिमाचल की हसीन वादियों से रूबरू करवा रही थीं। लेकिन अचानक ही फोन कटा और फिर शाम को प्रतीक्षा की मौत की खबर उनके परिवार तक पहुंची। 

प्रतीक्षा ने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी होने के बाद प्रतीक्षा ने DHL मुंबई और फिर पुणे में TVS कंपनी में काम किया। प्रतीक्षा हायर एजुकेशन के लिए जल्द ही स्पेन जाने वाली थी। प्रकृति से प्रेम के चलते उन्होंने अपनी मां से हिमाचल जाने की जिद्द की। काफी मनाने के बाद प्रतीक्षा की मां हिमाचल जाने देने के लिए राज़ी हो गईं।

प्रतीक्षा का परिवार मध्य प्रदेश के बैतूल में रहता है। पिता सुनील दिवाकर पाटिल वेस्टर्न कोल लिमिटेड में अंडर मैनेजर हैं। चार साल पहले ही उनका तबादला बैतूल में हुआ था। इस मराठी परिवार का अपनी बेटी को लेकर अनेक ख्वाब था, वो उसे देश के उच्च पदों पर देखना चाहते थे, लेकिन सपने पूरी होने से पहले ही बिखर गए। 

 रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे के आस पास हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की सांग्ला घाटी में भूस्खलन शुरू हो गया। पहाड़ों से बड़े बड़े चट्टान नीचे आने लगे। इसी दौरान एक यात्री वाहन भी उसकी चपेट में आ गया। वाहन में करीब बारह लोग सवार थे। जिनमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में से एक जयपुर की रहने वाली दीपा शर्मा की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। दीपा ने हादसे से ठीक पहले प्रकृति की प्रशंसा करते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी। लेकिन उसी हादसे में प्रतीक्षा भी अपने परिवार को एक अंतहीन प्रतीक्षा दे गयी, जो अब कभी पूरी होनेवाली नहीं।