खंडवा में निर्भया जैसा कांड, गैंगरेप के बाद महिला की मौत, दरिंदों ने सरिए से निकाल दिए थे यूट्रस
महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। निजी अंग में से खून बह रहा था। खालवा अस्पताल शव लाने पर नर्स ने खुलासा किया कि बच्चेदानी तक बाहर आ गई है।

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दरिंदों का इससे मन नहीं भरा तो महिला के प्राइवेट पार्ट में सरिया डालकर बच्चेदानी (यूट्रस) बाहर निकाल दी। महिला कुछ बता पाती इससे पहले सिसकते हुए उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
मानवता को शर्मसार करने वाली यह घटना शनिवार दोपहर को जिले के खालवा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित महिला की उम्र 45 वर्ष थी। डॉक्टरों ने बताया कि उसके प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी महिला के परिचित हैं। शुक्रवार को सभी एक शादी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद पीड़िता हरि के साथ उसके घर पहुंची। यहां हरि व सुनील ने वहीं शराब पी। उसके बाद दोनों ने दरिंदगी की। महिला के दो बच्चे भी हैं।
बताया जा रहा है कि महिला के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। निजी अंग में से खून बह रहा था। खालवा अस्पताल शव लाने पर नर्स ने खुलासा किया कि बच्चेदानी तक बाहर आ गई है। जैसे किसी ने सरिया या लकड़ी डालकर इसे बाहर निकाल दिया हो। अधिक खून बह जाने से ही महिला की मौत हो गई।
इस घटना को लेकर विपक्षी दल हमलावर है। कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा कि खंडवा में आदिवासी महिला के साथ रेप कर बच्चेदानी निकाल दी गई। उसकी मौत हो गई। यह क्षेत्र बीजेपी नेता और मंत्री विजय शाह का है और अब कांग्रेस देखना चाहती है कि वे इस गंभीर मुद्दे पर क्या कार्रवाई करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन चुका है, जहां सबसे ज्यादा यौन शोषण के मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह साफ संकेत है कि प्रदेश में सरकार की कानूनी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।