नीतीश कुमार ने नौवीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बने डिप्टी सीएम

नीतीश कुमार ने 9वीं बार बिहार के CM पद की शपथ ली है। जबकि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उपमुख्‍यमंत्री बनाया गया है।

Updated: Jan 28, 2024, 05:49 PM IST

पटना। JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार शाम 5 बजे नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई सरकार में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष रहे विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

वहीं, डॉ. प्रेम कुमार (बीजेपी), विजय कुमार चौधरी (जेडीयू), बिजेंद्र प्रसाद यादव (जेडीयू), श्रवण कुमार (जेडीयू) संतोष कुमार सुमन (हम), सुमित कुमार सिंह (निर्दलीय) मंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण किया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र वी आर्लेकर को रविवार सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया था। राज्यपाल ने कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और नयी सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा।

राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर राजभवन से लौटने के बाद नीतीश ने संवाददाताओं से कहा कि मैंने आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वह ‘महागठबंधन' से अलग होकर नया गठबंधन बनाएंगे। इसके थोड़ी ही देर बाद नीतीश कुमार फिर से राजभवन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को 128 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा। इसमें भाजपा के 78, जेडीयू के 45, हम के 4 और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं। शाम पांच बजे राज्यपाल ने उन्हें फिर से सीएम पद की शपथ दिलाई। इस तरह नीतीश कुमार देश में सर्वाधिक 9 बार मुख्यमंत्री बनने वाले नेता हो गए हैं।