कारण बताओ नोटिस के बाद IAS नियाज खान ने फिर किया ट्वीट, लिखा- अल्लाह को बहादुरी पसंद है
सरकार की ओर से कारण बताओ नोटिस मिलने के बाद नियाज खान ने ट्विटर पर निकाली भड़ास, बोले- इंसान से नहीं सिर्फ भगवान से डरो

भोपाल। द कश्मीर फाइल्स फ़िल्म को लेकर ट्वीट करने वाले मध्य प्रदेश के IAS अधिकारी नियाज खान को राज्य सरकार ने कारण बताओ नोटिस भेजा है। सरकारी नोटिस मिलने के बाद नियाज खान ने एक बार फिर से ट्विटर पर अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने लिखा है की इंसान से नहीं सिर्फ भगवान से डरना चाहिए।
IAS नियाज खान ने अपने ट्वीट में लिखा है कि, 'जब आप कुरान में गहरी आस्था रखते हैं और सभी से प्यार करते हैं तो आपका दिल स्टील का बन जाता है। हमेशा न्याय के साथ खड़े रहें, ईश्वर आपको शक्ति देगा। सभी गालियां आशीर्वाद में परिवर्तित हो जाएंगी। इंसान से नहीं सिर्फ भगवान से डरें। अल्लाह को बहादुरी पसंद है।'
When you have deep faith in Quran and love for everyone your heart become steel. Stand always with justice, God will give you strength. All abuses to will convert into blessings. Fear only God not to man. Allah loves bravery.
— Niyaz Khan (@saifasa) March 24, 2022
दरअसल, गुरुवार को आईएएस नियाज़ खान को मध्य प्रदेश सरकार की तरफ़ से नोटिस जारी हुआ जिसमें सात दिन के अंदर उनसे जवाब मांगा गया है। इसके पहले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि नियाज खान अपनी मर्यादा लांघ रहे हैं। लक्ष्मण रेखा जो अधिकारियो कि होती है उसका उल्लंघन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ का शपथग्रहण आज, डिप्टी सीएम को लेकर सस्पेंस बरकरार
मध्य प्रदेश पीडब्ल्यूडी विभाग के उप सचिव नियाज खान ने ट्वीट में लिखा था कि, 'द कश्मीर फाइल्स' से 150 करोड़ की कमाई हो चुकी है। बहुत अच्छा है। लोगों ने कश्मीरी पंडितों की भावनाओं का बहुत सम्मान किया है। मैं फिल्म निर्माता का सम्मान करता हूं कि वो पूरी कमाई को कश्मीरी पंडितों के बच्चों की शिक्षा और उनके लिए घरों के निर्माण के लिये दे दें। यह एक महान दान होगा।'
नियाज खान ने इसके पहले अन्य ट्वीट्स में लिखा था कि, 'कश्मीर फाइल्स पंडितों के दर्द को दिखाती है। उन्हें पूरे सम्मान के साथ कश्मीर में महफूज रहने की अनुमति दी जाए। लेकिन फिल्म निर्माता को कई राज्यों में बड़ी तादाद में मुसलमानों की हत्याओं को दिखाने के लिए भी एक फिल्म बनानी चाहिए।' अधिकारी ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर एक पुस्तक लिखने की योजना भी बना रहे हैं ताकि 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्म की तरह किसी फिल्म निर्माता द्वारा अल्पसंख्यकों के दर्द को भारतीयों के सामने लाया जा सके। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी इंसान और देश के नागरिक हैं, वे कोई कीड़े-मकोड़े नहीं हैं।'
नियाज खान के इन ट्वीट्स को लेकर ही सारा विवाद उत्पन्न हुआ है। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने उन्हें नौकरी छोड़ राजनीतिक मैदान में आने की चुनौती दी थी। वहीं चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि, 'IAS नियाज खान अपनी हैसियत से ज्यादा बोल रहे हैं। वो लाइम लाइट में आना चाहते हैं। अधिकारी को अपनी सीमाएं नहीं लांघनी चाहिए।'