MP में झाबुआ से लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे पीएम मोदी, आदिवासी वोटर्स को साधने की होगी कोशिश

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज होने जा रहा है। 11 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश आ रहे हैं। वे झाबुआ से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत प्रदेश के कई सीनियर लीडर भी मौजूद होंगे।

Updated: Feb 03, 2024, 05:49 PM IST

झाबुआ। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश में भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जोर शोर से जुटी हुई है। पीएम मोदी भी इस महीने राज्य में औपचारिक रूप से चुनावी शंखनाद करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का पहला चुनावी रैली झाबुआ में होगा।

भाजपा नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश आ रहे हैं। वे झाबुआ से लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। इसको लेकर पार्टी ने तैयारियों शुरू कर दी है। चूंकि, झाबुआ आदिवासी बहुल इलाका है इसलिए पीएम मोदी का यह रैली अहम माना जा रहा है।

विधानसभा चुनाव में झाबुआ सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ विक्रांत भूरिया की जीत हुई थी। इसलिए भी भाजपा यहां मेहनत कर रही है। भाजपा की कोशिश आदिवासी मतदाताओं को अपने पाले में करने की होगी। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने एमपी में 29 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार भी सत्ताधारी दल फूंक-फूंककर कदम उठा रही है।

मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटर्स की संख्या करीब 22 प्रतिशत के करीब है। प्रदेश की 29 सीटों में से 6 लोकसभा सीटें आदिवासियों के लिए रिजर्व हैं। फिलहाल सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। प्रदेश की 47 विधानसभा सीटें आदिवासियों के लिए रिजर्व है। मध्य प्रदेश में कुल 78 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां आदिवासी वोटर किसी को जिताने-हराने की ताकत रखते हैं। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस उनको साधने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।