कांग्रेस की सरकार बनते ही फिर शुरू होगा राम वन गमन पथ निर्माण कार्य, कमलनाथ का ऐलान
कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर लगाया राम वन गमन पथ निर्माण कार्य को बंद कराने का आरोप, बोले- सरकार आते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

भोपाल। मिशन 2023 के लिए जुटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनावी घोषणाओं की झड़ी लगा दी है। कमलनाथ रोज एक ऐलान कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने ऐलान किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आते ही "राम वन गमन पथ" का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने शिवराज सरकार पर इसे बंद कराने का भी आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में लिखा कि, 'शिवराज सरकार द्वारा बंद किये गये राम वन गमन पथ के निर्माण कार्य को मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर शुरू किया। राम वन गमन पथ का निर्माण कार्य समय सीमा मे पूर्ण किया जायेगा।'
शिवराज सरकार द्वारा बंद किये गये राम वन गमन पथ के निर्माण कार्य को मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही फिर शुरू किया।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 16, 2022
राम वन गमन पथ का निर्माण कार्य समय सीमा मे पूर्ण किया जायेगा।
ऐसा माना जाता है कि भगवान राम 14 साल के वनवास के लिए मध्य प्रदेश में इसी रास्ते से होकर गुजरे थे। मध्य प्रदेश में इसका निर्माण चित्रकूट से अमरकंटक तक प्रस्तावित था। कमलनाथ सरकार के दौरान पथ निर्माण के लिए ट्रस्ट का गठन किया गया था। हालांकि, सरकार बदलते ही सीएम शिवराज ने इसपर रोक लगा दी। जबकि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने बेहद सुंदर राम वन गमन पथ का निर्माण कराया है।
यह भी पढ़ें: 8 राज्य, 42 जिले और 2,800 KM का पैदल सफर, भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे
दरअसल, हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणामों के बाद अब मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उत्साह बढ़ गई है। एक ओर जहां सत्ताधारी भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर संशय का माहौल है वहीं हिमाचल की जीत ने कांग्रेस को मध्यप्रदेश में विजय मंत्र सा दे दिया है। नतीजतन पीसीसी चीफ कमलनाथ ने चुनावी वादों की झड़ी लगा दी है। इससे पहले कमलनाथ पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, सभी किसानों की कर्ज माफी और 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने और पंचायतों में गौशाला निर्माण का वादा भी कर चुके हैं।