एयर इंडिया के एक और विमान के इंजन में खराबी, मुंबई जा रहे यात्रियों को कोलकाता में उतारा गया

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा।

Updated: Jun 17, 2025, 08:48 AM IST

कोलकाता। एयर इंडिया के विमानों पर लगातार मुसीबत आ रही है। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई। यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा।

बताया जा रहा है कि फ्लाइट नंबर AI180 सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था।

विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इससे पहले सोमवार को हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आ रही फ्लाइट और दिल्ली से रांची जा रही एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा था। जबकि रविवार को भारत आ रहे बोइंग के दो ड्रीमलाइनर प्लेन बीच रास्ते से लौट गए थे। इनमें से एक फ्लाइट लंदन से चेन्नई और दूसरी जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही थी। दोनों की सोमवार को लैंडिंग होनी थी।