लकवाग्रस्त महिला से होता रहा रेप, दिव्यांग पति की लाचारी पत्नी को दरिंदे से बचाने में हुई नाकाम

जबलपुर के बरगी क्षेत्र का मामला, दस साल से लकवाग्रस्त महिला से गांव का ही एक व्यक्ति करता रहा बलात्कार, रोती रही बेबस महिला, दिव्यांग पति को भी दरिंदे ने धक्का देकर गिराया

Updated: Sep 21, 2021, 12:55 PM IST

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

जबलपुर। जबलपुर में दरिंदगी की सारी हदें पार करता एक मामला सामने आया है। जहां दस साल से लकवाग्रस्त महिला से गांव का ही एक व्यक्ति बलात्कार करता रहा। महिला का दिव्यांग पति भी अपनी पत्नी को महिला की दरिंदे के चंगुल से बचाने में नाकामयाब हो गया। 

यह मामला जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र का है। महिला लकवाग्रस्त होने के कारण दस वर्षों से बिस्तर पर पड़ी हुई है। महिला न तो कुछ बोल पाती है और न ही सोचने समझने की क्षमता महिला में बची हुई है। महिला का पति भी एक पैर से दिव्यांग है। 

पति-पत्नी की इसी लाचारी का फायदा उठाते हुए रविवार शाम को गांव का ही रहने वाला कालीराम नामक एक व्यक्ति अचानक घर में घुस गया और पीड़ित महिला के साथ रेप करने लगा। लकवाग्रस्त महिला विरोध तक नहीं कर पाई। उसकी इसी बेबसी का फायदा उठाकर दरिंदा उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।

जिस दौरान महिला के साथ बलात्कार हो रहा था, उस समय बीमार महिला का पति मज़दूरी करने घर के बाहर गया हुआ था। लेकिन अचानक ही महिला का पति घर लौट आया। घर लौटते ही उसके होश उड़ गए। दिव्यांग पति ने दरिंदे को रोकने की कोशिश तो की, लेकिन वह असफल हो गया। दरिंदे ने महिला के पति को धक्का दे दिया, जिस वजह से पति ज़मीन पर गिर गया। 

पति ने जैसे तैसे शोर मचाया। पति के शोर मचाते ही गांव वाले पीड़ित के घर की तरफ आने लगे। इसी बीच बलात्कारी भी डर के मारे वहां से भाग गया। देर शाम महिला के पति ने थाने जा कर दरिंदे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पति ने शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस को सारी कहानी बताई। पति ने बताया कि पत्नी के दस साल से लकवाग्रस्त होने के कारण बाहर मज़दूरी करने के साथ-साथ घर का सारा कामकाज वही करता है। रोज़ाना दिन में वह घर से मज़दूरी करने बाहर निकलता है। इसके बाद सीधे शाम को ही वह घर पहुंचता है। रविवार की शाम जब वह अपने घर आया तब उसने यह सारा घटनाक्रम देखा। शिकायत के बाद पुलिस ने अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।