रीवा के छुहिया घाटी में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत

रीवा-शहडोल मार्ग पर अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की बस पर वाहन पलटने से हुआ हादसा, 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ा, 9 गंभीर रूप से घायल

Updated: Jan 07, 2021, 07:19 PM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

रीवा। रीवा-शहडोल मार्ग पर छुहिया घाटी में बस और सीमेंट बल्कर की टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी पर हुआ, जहां अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों से भरी बस पर राखड लदा बल्कर पलट गया। हादसे में एक महिला समेत 4 पुरुषों की मौत हो गई। वहीं 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों की खबर पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस पहुंची और राहत और बचाव कार्य चलाया। इस भीषण हादसे की खबर पाकर रीवा पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे हैं। जिसके बाद किसी कदर यात्रियों को बस से निकाला गया। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है।

हादसे के बाद रीवा-शहडोल मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बल्कर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रीवा-शहडोल हाईवे पर स्थित छुहिया घाटी की सड़क संकरी और घुमावदार है, जहां  जरा सी लापरवाही से बड़े हादसे हो जाते हैं।