सीहोर में सौतेली मां, बहन और मौसी को मारकर भागा आरोपी बेटा, ट्रिपल मर्डर के सुराग ढूँढने में जुटी पुलिस

सीहोर में घरेलू विवाद में एक बेटे ने अपनी सौतेली मां, मौसी और 26 साल की बहन की गला रेतकर हत्या की, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, मृतका उसके पिता की तीसरी पत्नी थी

Updated: Jul 15, 2021, 01:15 PM IST

सीहोर। जिले में तीहरे हत्याकांड़ का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह एक बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपनी सौतेली मां, बहन और मौसी को मौत के घाट उतार दिया। कोडियाछितु गांव निवासी नरेंद्र मालवीय का किसी बात को लेकर अपनी सौतेली मां से विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपी बेटे ने मां, बहन और मौसी की गला रेतकर हत्या कर दी और भाग खड़ा हुआ।

जिस वक्त आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया उस वक्त घर पर तीनों महिलाओं के अलावा कोई नहीं था। आरोपी के पिता अनोखीलाल मालवीय ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि आरोपी शख्स अनोखी लाल की दूसरी पत्नी का बेटा है। जिसने घरेलू विवाद की वजह से सौतेली मां, मौसी और बहन की रास्ते से हटाने के लिए गला रेतकर हत्या कर दी। मां और मौसी का शव घर के भीतर पंलग पर मिला है, जबकि सौतेली बहन का शव आंगन में पड़ा मिला है।

दरअसल 50 वर्षीय चिंताबाई अपनी 25 वर्षीय बेटी पूनम और 45 वर्षीय बहन अयोध्याबाई के साथ रहती थी। इस हत्याकांड के बारे में एएसपी समीर यादव का कहना है कि मृतका चिंताबाई अनोखीलाल मालवीय की तीसरी पत्नी थी।  जो अपनी बेटी और बहन के साथ खेत में बने मकान में रहती थी। आरोपी नरेंद्र जो की अनोखीलाल की दूसरी पत्नी गोकुल बाई का बेटा है, उसका किसी बात को लेकर चिंताबाई से विवाद चल रहा था।

गुरुवार सुबह भी दोनों में बहस हुई और विवाद इतना बढ़ा की उसने सौतेली मां, बहन और मौसी को रास्ते से हटाने के लिए धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी नरेंद्र फरार हो गया। एक साथ तीन लोगों की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। सीहोर की मंडी पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए  भेज दिया है। मंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।