भोपाल में MPYC का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, पटवारी, श्रीनिवास और भूरिया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई कार्यकर्ता घायल हुए।

Updated: Feb 13, 2024, 03:56 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला।मध्य प्रदेश में बेरोजगारी, हरदा हादसे, अपराध, महिला सुरक्षा को लेकर यूथ कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव का ऐलान किया था। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जब पार्टी मुख्यालय से विधानसभा की ओर आगे बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की।

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए शिवाजी नगर चौराहा (रेडक्रास हॉस्पिटल के सामने) पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास व प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने बैरिकेड लांघकर विधानसभा की ओर जाने की कोशिश की। 

पुलिस ने उन्हें रेडक्रास के पास रोकने के लिए वाटर केनन और आंसू गैस के गोले छोड़े। एक गोला युवक कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत पाराशर के मुंह पर लगा। इसके बाद पुलिस ने जीतू पटवारी, श्रीनिवास बीवी, विक्रांत भूरिया समेत कांग्रेस के नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता "रोजगार दो, या गिरफ्तार करो" के नारे लगाते रहे।घेराव में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भी शामिल रहे।

प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने जिस तरह से युवाओं के साथ विश्वासघात किया है, उन्हें शर्म आनी चाहिए। मोहन यादव एक रिमोट कंट्रोल मुख्यमंत्री हैं, जिसके हाथ में कुछ नहीं है।

वहीं, डॉ भूरिया ने कहा कि प्रदेश में आज भ्रष्टाचार चरम पर है। बेरोजगार की कोई सुध लेने वाला नहीं है। पढ़े लिखे युवा आत्महत्या करने को मजबूर है। प्रदेश में लॉ एंड आर्डर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर है। ये निकम्मी सरकार बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में भी अक्षम है। हरदा फैक्ट्री ब्लास्ट का जिक्र करते हुए भूरिया ने कहा कि वहां कई दर्जन लोगों की मौत हुई। लेकिन सरकार मदद की बजाए इसे छिपाने में जुटी रही।