टंट्या मामा की ताबीज बांधने से भागेगा कोरोना, BJP मंत्री उषा ठाकुर ने दिया एक और दिव्य ज्ञान
Omicron वेरिएंट से दुनियाभर के वैज्ञानिक परेशान, WHO भी नहीं ढूंढ पाया है तोड़, एमपी के पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने लगाया अपना विज्ञान, बोलीं- टंट्या मामा का ताबीज पहनो कुछ नहीं होगा

इंदौर। कोरोना के नए वेरिएंट Omicron ने दुनियाभर के वैज्ञानिकों को परेशान कर रखा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी अबतक इसका तोड़ नहीं ढूंढ पाया है। हालांकि, मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने इस वेरिएंट में भी अपना विज्ञान लगा दिया है। उषा ठाकुर ने कहा है कि टंट्या मामा के ताबीज बांधने से कोरोना का इलाज हो जाएगा।
पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने इंदौर में पत्रकारों से कहा कि, 'आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि टंट्या मामा की ताबीज से लोग स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हैं। असीम आस्था है। न प्रकृति न परमात्मा किसी का व्यवधान उतपन्न नहीं होगा। मेरी दृढ़ आस्था और विश्वास है की वहां कुछ नहीं होगा।' बता दें कि ये वही मंत्री हैं जिन्होंने दूसरी लहर के दौरान यज्ञ और हवन से कोरोना को भगाने का दावा किया था।
मध्यप्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर के इस बयान के बाद शिवराज सरकार को कोरोना के तमाम प्रतिबंध व गाइडलाइन को हटा लेना चाहिये , वैक्सिनेशन की अनिवार्यता ख़त्म कर देना चाहिये….. pic.twitter.com/ciYBQK0wq8
— Narendra Saluja (@NarendraSaluja) December 2, 2021
दरअसल मध्य प्रदेश सरकार 4 दिसंबर को इंदौर के महू स्थित पातालपानी में महान क्रांतिकारी टंट्या मामा की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस मनाने जा रही है। इस कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होने जा रहे हैं। साथ ही आसपास के इलाकों से 1 लाख आदिवासियों की भीड़ इकट्ठा करने की योजना है। इसी कार्यक्रम से संबंधित जानकारी देने के लिए इंदौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया था।
यह भी पढ़ें: कानपुर: यूपी के विकास की फाइल ले भागी बकरी, पीछे दौड़ लगाते रहे ब्लॉक के कर्मचारी, वीडियो वायरल
पीसी के दौरान मीडिया ने जब भीड़-भाड़ और तीसरी लहर की चिंताओं को लेकर पर्यटन मंत्री ठाकुर से सवाल पूछा तो उनका यह दिव्य ज्ञान सामने आया। खास बात ये है कि उषा ठाकुर इस दौरान भी बिना मास्क पहने आईं थीं। जबकि राज्य सरकार मास्क पहनने के लिए बड़े स्तर पर जन जागरूकता अभियान चला रही है और बिना मास्क के लोगों से फाइन भी वसूला जा रहा है।
प्रदेश में अब कोरोना से रोकथाम के लिये “ शिवराज ताबीज़ “ मंत्री उषा ठाकुर को चलाना चाहिये क्योंकि शिवराज जी का पुनर्जन्म तो मंत्री कमल पटेल के मुताबिक़ हो ही चुका है….
— Narendra Saluja (@NarendraSaluja) December 2, 2021
उषा मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा है कि, 'अब तो शिवराज सरकार को कोरोना के तमाम प्रतिबंध व गाइडलाइंस हटा लेना चाहिए। वैक्सीनेशन की अनिवार्यता भी खत्म कर देना चाहिए। प्रदेश में अब कोरोना से रोकथाम के लिए शिवराज ताबीज लाना चाहिए।' दरअसल, दो दिन पहले शिवराज सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा था कि टंट्या मामा का पुनर्जन्म सीएम शिवराज के रूप में हुआ है।