धार: शिक्षा विभाग के अकाउंटेंट ने किया सवा करोड़ का घपला, कर्मचारियों का वेतन अपने रिश्तेदारों के खाते में भेजा 

विभाग ने चार लोगों के खातों से 64 लाख रुपये रीकवर किए हैं, साथ ही आरोपी को निलंबित कर दिया है।

Publish: Aug 06, 2023, 08:06 AM IST

image courtesy- Amar ujala
image courtesy- Amar ujala

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में सरकारी विभाग के कर्मचारियों के वेतन समेत विभिन्न शासकीय लेन-देन में सवा करोड़ की राशि की हेरा फेरी का मामला सामने आया है।जानकारी लगते ही विभाग ने चार लोगों के खातों से 64 लाख रुपये रीकवर किए हैं, साथ ही आरोपी को निलंबित कर दिया है।


पूरा घटनाक्रम धार जिले की कुक्षी विधानसभा के विकासखंड शिक्षा कार्यालय निसरपुर का है। यहां पर पदस्थ सहायक ग्रेड 3 काशीराम एस्के नामक अकाउंटेंट ने वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक की अवधि में निसरपुर के विकासखंड शिक्षा कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों के वेतन, एरियर, कार्यालय फेल ई चालान भुगतान, अवकाश नगदीकरण, मानदेय आदि मदों की कुल राशि एक करोड़ 18 लाख 23 हजार रुपए में गड़बड़ी की। ये राशि विभाग से जुड़े वास्तविक कर्मचारियों के खाते में ऑनलाइन जमा करने थी, पर उसने वास्तविक कर्मचारियों के खाते में राशि जमा न कर अपने स्वयं एवं छात्रावास अधीक्षिका पत्नी व अन्य दो के खातों में डाल ली।

जिला प्रशासन ने मामले को दबाने का प्रयास किया है। सहायक आयुक्त जनजाति कार्यालय ब्रजकांत शुक्ला ने बताया कि विभाग द्वारा गड़बड़ी की शंका होने के चलते जांच-पड़ताल की जा रही थी। इस दौरान कई अलग-अलग नामों के साथ एक ही अकाउंट नंबर सामने आया जिस पर संदेह होने पर जांच पड़ताल की गई है। इसमें निसरपुर विकासखंड शिक्षा कार्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट काशीराम एस्के द्वारा की जा रही गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा द्वारा शासकीय रूपयो में हेर फेर करने वाले अकाउंटेंट काशीराम एस्के सहित उनकी पत्नी एवं सहायक शिक्षक के साथ परियोजना कार्यालय के बाबू को निलंबित कर दिया गया है।