21 दिसंबर की रात होगी साल की सबसे लंबी रात, सूर्य करेगा उत्तरायण यात्रा का आरंभ

आज, 21 दिसंबर की रात, साल 2024 की सबसे लंबी रात होगी और सूर्य अपनी छह महीने की दक्षिण यात्रा का समापन कर उत्तरायण यात्रा आरंभ करेगा।

Updated: Dec 21, 2024, 11:54 AM IST

भोपाल| आज, 21 दिसंबर की रात, साल 2024 की सबसे लंबी रात होगी और सूर्य अपनी छह महीने की दक्षिण यात्रा का समापन कर उत्तरायण यात्रा आरंभ करेगा। खगोलविद और विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर सूर्य की किरणें मकर रेखा पर सीधी पड़ेंगी। इस खगोलीय घटना के बाद सूर्य उत्तरी गोलार्द्ध की ओर अपनी यात्रा शुरू करेगा। यह घटना उत्तरी गोलार्द्ध में दिन को छोटा और रात को लंबा बना देती है।

सारिका ने समझाया कि पिछले छह महीनों से सूर्य की स्थिति दक्षिण की ओर महसूस हो रही थी, लेकिन आज के बाद सूर्य उत्तर की दिशा में बढ़ने लगेगा। खगोलशास्त्र के अनुसार, इस प्रक्रिया को उत्तरायण कहा जाता है। पृथ्वी अपने अक्ष पर 23.5 डिग्री के कोण पर झुकी हुई है, जिससे सूर्य की किरणें अलग-अलग मौसम और दिन-रात की अवधि को निर्धारित करती हैं। आज के दिन सूर्य की किरणें मकर रेखा पर सीधी पड़ेंगी, जिससे दक्षिणी गोलार्द्ध में दिन लंबा और उत्तरी गोलार्द्ध में छोटा होगा।

इस खगोलीय घटना का असर भारत सहित उत्तरी गोलार्द्ध के सभी देशों पर दिखाई देगा। जैसे-जैसे हम उत्तर की ओर जाते हैं, रातें और लंबी होती जाती हैं। भोपाल की तुलना में दिल्ली जैसे शहरों में रात की अवधि और अधिक होगी। सारिका के अनुसार, विंटर सोलस्टाइस की यह घटना हर साल 20 से 23 दिसंबर के बीच होती है, लेकिन 20 या 23 दिसंबर को यह घटना दुर्लभ है।

आज विभिन्न भारतीय शहरों में सूर्योदय और सूर्यास्त के समयानुसार दिन की अवधि अलग-अलग होगी। भोपाल में सूर्योदय सुबह 6:57 बजे और सूर्यास्त शाम 5:39 बजे होगा, जिससे दिन की कुल अवधि 10 घंटे 42 मिनट और 21 सेकेंड होगी। इसी तरह, इंदौर में दिन की अवधि 10 घंटे 44 मिनट और 33 सेकेंड जबकि नर्मदापुरम में 10 घंटे 44 मिनट 25 सेकेंड होगी।

यह भी पढ़ें: रीवा में पिकनिक स्पॉट पर दरिंदगी, प्रेमी जोड़े को निर्वस्त्र कर पीटा, वीडियो बनाकर किया वायरल

यह खगोलीय घटना न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से भी खास मानी जाती है। उत्तरायण की शुरुआत से सूर्य की गति उत्तर की ओर होती है, जो विभिन्न त्योहारों और कृषि गतिविधियों के लिए शुभ मानी जाती है।