18 साल में 4 लाख 22 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया, सीएम शिवराज को नींद कैसे आती है: सुरजेवाला

सुरजेवाला भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन में सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि इस आदमी को जल्दी निकालो वरना यह पूरे प्रदेश को बेच देगा।

Updated: Sep 04, 2023, 07:24 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भोपाल दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने रवींद्र भवन में आयोजित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सीएम चौहान पर 18 साल में 4 लाख 22 हजार करोड़ का कर्ज लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें नींद कैसे आती है। 

सुरजेवाला ने कहा, 'बीजेपी सरकार ने प्रदेश की संपत्ति बेचकर साढ़े 18 साल में 4 लाख 22 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया। इस कर्ज को भाजपा वालों के बाप चुकाएंगे या दादा चुकाएंगे। गांव में कहा जाता है कि कर्ज लेकर जो वापस न दे उसे गांव से निष्कासित कर देते हैं। शिवराज तो तनख्वाह भी कर्ज लेकर दे रहे हैं। इस आदमी को जल्दी निकालो वरना यह पूरे प्रदेश को बेच देगा।'

सुरजेवाला ने कहा कि मध्य प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ लोगों ने कांग्रेस पार्टी को मैंडेट दिया था। लेकिन धोखेबाजों के सरदार शिवराज सिंह चौहान ने कुछ विरोधियों से मिलकर सरकार बना ली। इस सरकार की विदाई का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि 18 साल में 30 हजार किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो गए। 38 हजार से ज्यादा महिलाओं से इस प्रदेश में दुष्कर्म हुए। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के जिले दतिया में दो नाबालिग बेटियों के साथ दुष्कर्म हुआ। गोविंदपुरा में गैंगरेप हुआ। कमलनाथ जी ने आज बेटियों से वादे किए हैं कि अलग अदालत बनेगी जो केवल महिला अपराधों के मामले में दंड देगी।

यह भी पढ़ें: शासकीय खर्चे पर न हो घोषित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार, कांग्रेस ने CEC को दिए 17 बिंदुओं पर सुझाव

सुरजेवाला ने आगे कहा कि, 'भाजपा सरकार ने 18 साल में बहनों के लिए कुछ किया नहीं। अब मध्यप्रदेश की संपत्ति गिरवी रखकर बहनों को झूठ के 1000 रुपए भेज रहे हैं। उन्हें झूठ के 1000 नहीं, सच के 1500 रुपए चाहिए। सुरजेवाला ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोग आदिवासी भाइयों के ऊपर पेशाब करते हैं। दलित अत्याचार में मध्य प्रदेश नंबर वन है। बाल अपराधों में नंबर वन प्रदेश बन गया।'