खूब कोशिश करो हमें मिट्टी में दबाने की, हम बीज हैं, हमें बार-बार उगने की आदत है: मल्लिकार्जुन खड़गे

दतिया के सेवढ़ा में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली, कहा- कहते हैं 70 साल में क्या किया। हमने कुछ नहीं किया होता तो आप प्रधानमंत्री और शाह केंद्रीय गृहमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठते।

Updated: Nov 14, 2023, 05:18 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग में अब महज दो दिन का समय शेष है। बुधवार शाम से प्रचार अभियान भी थम जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के मल्लिकार्जुन मंगलवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने सेवढ़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला।

खड़गे ने अपने संबोधन में कहा, 'बीजेपी वाले कांग्रेस को गालियां देते हैं। तुमने कुछ नहीं किया। मेहनत करे मुर्गी साहब, अंडा खाए फकीर साहब। कहते हैं 70 साल में क्या किया। हमने कुछ नहीं किया होता तो आप प्रधानमंत्री और शाह केंद्रीय गृहमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठते। मोदी साहब खूब कोशिश करो हमें मिट्टी में दबाने की। हम बीज है, हमें बार-बार मिट्टी से निकलने की आदत है।'

कांग्रेस ने शायराना अंदाज में कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग की अपील करते हुए कहा, 'सुबह से शाम तक इंतजार कौन करे। तुम्हारे वायदे पर अब ऐतबार कौन करे। सजा किए कि अभी तक भुगत रहे हम। पुरानी भूल भला बार-बार कौन करे। अब कांग्रेस का बटन दबाओ और वोट दो।' उन्होंने आगे कहा, 'आज खजाने के मंत्री को अपना हुनर दिखाना है। चारा जो चुग रहे परिंदे उस पर टैक्स लगाना है। महंगाई का असली मुद्दा दब गया कहीं। नए पैंतरे के बल पर आसान ताज अपनाना है।'

खड़गे ने आगे कहा, 'अंग्रेजों ने चुनिंदा लोगों को वोटिंग पावर दी थी। ये पावर सिर्फ अमीरों के पास थी। गरीब, महिलाओं और दलितों को ये राइट नहीं था। लेकिन नेहरु जी सभी को समान अधिकार दिया। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी को बराबर अधिकार दिया। ये कांग्रेस की खूबी है।' कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, मोदीजी 2014 में कहा था, कालाधन वापस लाकर आपको 15-15 लाख रुपए दूंगा। 2-2 करोड़ नौकरी दूंगा। किसानों की आमदनी डबल करूंगा। प्रधानमंत्री इतना झूठ बोलते हैं। पार्लियामेंट में मैं सवाल करता हूं तो मुझे गालियां देते हो।'

खड़गे ने आगे कहा, 'मोदीजी हमेशा अपने मन की बात करते हैं, लेकिन जनता के दिल की बात कभी नहीं करते। जब वोट चाहिए कहते हैं मैं गरीब का बेटा। अरे तुम तो दुकानदार बनकर बैठे थे। तुमने कहां गरीबी देखी। मध्य प्रदेश में 2018 में कांग्रेस की सरकार आई, इन्होंने हमारे विधायकों को उठाकर ले गए। उन्हें रिश्वत देकर हमारी सरकार चोरी की। फिर तो इनकी चोरी की सरकार है। फिर ऐसा मैं कहूं तो गुस्सा क्यों आता है? बीजेपी के लोग बड़ा डाका डालते हैं।'

बता दें कि दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस इस बार विशेष फोकस कर रही है। कांग्रेस ने यहां एक बार फिर से राजेंद्र भारती पर भरोसा जताया है। 2018 के चुनाव में जहां डॉ नरोत्तम मिश्रा को 72 हजार 209 मत मिले थे, वहीं भारती 69 हजार 553 वोट पा सके। यानी भारती महज ढाई हजार वोटों के मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे। इस बार कांग्रेस ने यहां पूरा दमखम लगा दिया है। भाजपा के कद्दावर नेता अवधेश नायक को भी पार्टी में शामिल कराया गया है, इससे भाजपा यहां कमजोर हुई है। अब देखना होगा की इस बार कांग्रेस की रणनीति कितना कामयाब होती है।