ग्वालियर में दो बच्चियों के हाथ लगे 200 सोने के सिक्के, पुलिस ने सिक्कों को किया ज़ब्त

ग्वालियर में खदान में खेलते वक्त दो बच्चियों को सोने के सिक्कों से भरा कलश मिला, लेकिन इसको लेकर दोनों बच्चियों के परिवार आपस में उलझ पड़े, जिसके बाद सोने के सिक्कों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया

Updated: Jan 20, 2022, 10:12 AM IST

Photo Courtesy: Lalluram
Photo Courtesy: Lalluram

ग्वालियर। ग्वालियर में दो बच्चियों के हाथ 200 सोने के सिक्के से भरा कलश लग गया। सोने के सिक्कों की बात सुनकर दोनों बच्चियों के परिजन आपस में उलझ गए। सोने के सिक्कों के लिए झगड़ा होने के कारण पुलिस को इसकी भनक लग गई। जिसके बाद पुलिस ने सोने के सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया और सोना का सिक्के हड़पने की दोनों परिवारों की चाहत नाकाम हो गई। 

यह मामला ग्वालियर देहात के भितरवार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। बुधवार शाम को बिजकपुर गांव में ब्राह्मण और बघेल समाज की दो बच्चियां रेत खदान में खेल रही थीं। इसी दौरान उनकी नज़र एक कलश पर पड़ी। कलश में दो सौ सोने के सिक्के भरे पड़े थे। सोने के सिक्कों को देख दोनों बच्चियों के होश उड़ गए। 

यह भी पढ़ें : भारतीय सीमा से किशोर का अपहरण कर ले गई चीनी सेना, राहुल बोले पीएम की बुजदिल चुप्पी ही उनका बयान है

ब्राह्मण समाज की बच्ची ने तत्काल ही इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजन बच्ची और सोने के सिक्कों को अपने साथ घर ले गए। जल्द ही इसकी जानकारी दूसरी बच्ची के परिजनों को लगी। इसके बाद वे सोने के सिक्कों पर अपना हक जमाने के लिए सोने का सिक्के ले जाने वालों के घर पहुंच गए। 

यह भी पढ़ें : मुजफ्फरनगर में वोट मांगने गए बीजेपी विधायक को खदेड़ा, ग्रामीणों ने दी जीत की चुनौती

दोनों परिवारों के बीच सोने के सिक्कों के लिए विवाद शुरू हो गया। जल्द ही यह पूरा विवाद झगड़े में तब्दील हो गया और बात पुलिस तक जा पहुंची। पुलिस ने सोने के सिक्कों को जब्त कर लिया। पुलिस ने इसकी जांच करने के लिए पुरातत्व विभाग से संपर्क साधा है। गुरुवार को पुरातत्व विभाग मौके पर पहुंच कर इसकी जांच करने वाला है।