भोपाल में कन्याभोज के बहाने दो आदिवासी बच्चियों का अपहरण, तलाश में जुटी कई थानों की पुलिस

घटना पुलिस चौकी के नजदीक कर्फ्यू वाली माता मंदिर के बाहर की है। यहां एक महिला अपनी 2 बेटियों के साथ पहुंची थी। उन्हें दो अनजान महिलाएं कन्याभोज के नाम पर अपने साथ ले गईं।

Updated: Oct 23, 2023, 12:52 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नवरात्रि पर कन्याभोज के नाम पर दो बच्चियों का अपहरण कर लिया गया। अपह्त बच्चियों के माता पिता ने कोतवाली थाने में शिकायत की है। अपहरण का मामला सामने आने के बाद कई थानों की पुलिस बच्चियों को ढूंढने में जुट गई है।

घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस चौकी के नजदीक कर्फ्यू वाली माता मंदिर के बाहर की है। यहां एक महिला अपनी 2 बेटियों के साथ पहुंची थी। तभी 2 अन्य महिलाएं उसके पास आई। उन्होंने कहा कि हमें कन्या भोज कराना है। आपकी बच्चियों को हमारे साथ भेज दीजिए। इन्हें भोजन कराने के बाद वापस आपके पास छोड़ जाएंगे। इसके बाद दोनाें महिलाएं बच्चियों को लेकर चली गई।

यह भी पढ़ें: MP Election: भाग्य से बड़ा कुछ भी नहीं, नाराज दावेदारों को BJP प्रदेशाध्यक्ष की पत्नी ने दी धैर्य रखने की सलाह

जब बच्चियां रात तक नहीं लौटी तो परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की 5 टीमें बच्चियों की तलाश में जुटी हुई है। रविवार को कुछ जगह दबिश भी दी गई। मामले की जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। जिसमें एक महिला छोटी बच्ची को गोद में ले जाती दिखाई दे रही है। जबकि कुछ ही दूरी पर मौजूद दूसरी महिला ने बड़ी बच्ची का हाथ पकड़ा है। वह उसे पैदल ले जा रही है।

बच्चियों के पिता मुकेश आदिवासी ने बताया कि वे मूलत: रतलाम के निवासी हैं। एक महीने पहले ही मजदूरी करने भोपाल आए हैं। वे लालघाटी के बरेला गांव में रह रहे हैं। मुकेश ने कहा, 'मेरी पत्नी लक्ष्मी और बहन पीरगेट स्थित मंदिर के आसपास कई दिनों से भीख मांग रही हैं। त्यौहार होने पर उन्हें वहीं खाना मिल जाता था। रोज की तरह शनिवार सुबह काजल और दीपावली को लेकर पत्नी और बहन मंदिर चली गई। करीब 10 बजे होंगे तभी 2 महिलाएं उनके पास पहुंची। उन्होंने कहा कि नवरात्र चल रहे हैं। हमें घर में कन्या भोज कराना है। उन्हें भोजन कराकर यही छोड़ जाएंगे।' 

मुकेश आदिवासी ने कहा, 'मेरी पत्नी ने उन पर भरोसा कर लिया और दोनों बच्चियों को साथ ले जाने की हामी भर दी। जब काफी देर इंतजार के बाद वह महिला नहीं आई तो बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। शाम हुई तो पत्नी ने मुझे करीब 7 बजे कॉल किया। मैं तत्काल पीरगेट पहुंचा। वहां पुलिस चौकी में जानकारी दी।' बहरहाल, पुलिस को फिलहाल इस मामले में कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल पाया है। छानबीन जारी है। माना जा रहा है कि आरोपी अंतराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं।