केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एमपी में मिली बड़ी जिम्मेदारी, चुनाव प्रबंधक समिति के संयोजक नियुक्त

नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया है। 

Updated: Jul 15, 2023, 03:30 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी दी है। सत्ताधारी दल ने नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शनिवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया है। इसमें लिखा है, 'भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया है।'

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नरेंद्र सिंह तोमर को एमपी चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक के रूप में नियुक्ति बेहद अहम है। नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद तोमर समर्थकों में खुशी का माहौल है। टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी में जारी विवाद के बीच तोमर की नियुक्ति सीएम शिवराज और केंद्रीय मंत्री सिंधिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब महज चार महीने शेष हैं। इसे देखते हुए बीजेपी पार्टी को मजबूत करने में जुट गई है। हाल ही में भाजपा ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अश्वनी वैष्णव को मध्य प्रदेश में चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं अब केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एमपी चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया है।