Satna: 50 हजार का इनामी डकैत धराया

MP Crime News : दस्यु हनीफ गैंग और पुलिस में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी डकैत हनीफ गिरफ्तार

Publish: Jul 18, 2020, 02:43 AM IST

सतना। चित्रकूट में उत्तर प्रदेश पुलिस ने इनामी डकैत हनीफ को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। शुक्रवार सुबह ही मानिकपुर के चुरेह केसरूवा जंगल में पुलिस और 50 हज़ार के इनामी दस्यु हनीफ के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें डकैत गोली लगने से घायल हो गया। एसपी अंकित मित्तल की टीम ने डकैत हनीफ के पास से एक बंदूक और कारतूस भी बरामद किया है।

डकैत,शातिर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान जारी

पुलिस और डकैत में हुई मुठभेड़ के दौरान डकैत हनीफ पैर में गोली लगने से घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए मानिकपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। दरअसल पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल की अगुवाई में फरार डकैतों और शातिर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना पर चित्रकूट पुलिस ने मानिकपुर थाना इलाके के चुरेह केशरूवा जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद इनामी डकैत हनीफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के साथ मानिकपुर थाना प्रभारी के.के.मिश्र, सब इंस्पेक्टर अनिल साहू और चौकी प्रभारी तपेश मिश्र शामिल थे।

ददुआ गैंग से जुड़े हैं हनीफ के तार

हनीफ पाठा के बीहड़ में आतंक का दूसरा नाम कहे जाने वाले दस्यु ददुआ गैंग का सक्रिय सदस्य है। इस पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। खबर है कि इस डकैत को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है, इसलिए कभी इसका नाम पुलिस रिकार्ड में दर्ज नहीं हुआ। इस डकैत पर चन्दन यादव की हत्या का आरोप है। यह अपनी गैंग में शंकरवा नाम से जाना जाता था। जबकि इसाक असली नाम हनीफ था। अब पुलिस इस डकैत से पूछताछ में जुटी है, उम्मीद है कि जल्द ही इसके राजनैतिक संबंधों का खुलासा हो सकेगा। दरअसल कानपुर में गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद से ही यूपी पुलिस एक्शन के मोड में है, लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसती जा रही है।