MP में 150 से अधिक सीटों के साथ बन रही है कांग्रेस की सरकार: राजीव शुक्ला

जैसे रोटी को जलने से बचाने के लिए पलटना पड़ता है, वैसे ही प्रदेश में अत्याचार, भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए 18 साल की शिवराज सरकार को पलटना होगा: राजीव शुक्ला

Updated: Nov 04, 2023, 07:29 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर कांग्रेस आश्वस्त नजर आ रही है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के मुताबिक पार्टी इस बार 150 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उनका दावा है कि इस बार प्रदेश की जनता पार्टी को ऐसा मैंडेट देगी की भाजपा तोड़फोड़ कर सरकार न बना पाए।

कांग्रेस के सीनियर नेता व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने शनिवार को पीसीसी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'भारतीय जनता पार्टी जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों की पार्टी है। मैं मध्य प्रदेश आया तो सबसे पहले मुझे अखबारों में खबरें पढ़ने को मिलीं कि किस तरह प्रदेश का किसान यूरिया खाद के लिए परेशान हो रहा है। प्रदेश की शिवराज सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है। असल में इसकी वजह यह है कि भाजपा ने सहकारी समितियों को कमजोर कर खाद बेचने का काम भाजपा के कार्यकर्ताओं की दुकानों को दे दिया है जो सत्ताधारी दल के संरक्षण में कालाबाजारी कर रहे हैं। इन सब चीजों से प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है और इस चुनाव में 150 से अधिक सीटों से कांग्रेस की सरकार बनायेगी।'

यह भी पढ़ें: कमलनाथ ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को लिखा पत्र, कहा- 1 जनवरी से 1500 रुपए प्रतिमाह खाते में जमा होने लगेंगे

राजीव शुक्ला ने कहा, 'यह चुनाव अब महत्वपूर्ण चुनाव हो चुका है। वर्ष 2018 में मिले जनता के बहुमत को बदलकर इन्होंने जबरदस्ती भारतीय जनता पार्टी की सरकार थोपने का काम किया था। इस बार जनता इतना बहुमत देगी कि उनकी हिम्मत नहीं पड़ेगी की तोड़फोड़ करके सरकार बना सकें। पुराने जमाने में लोग कहते थे कि सत्य की बड़ी शक्ति होती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के समय में झूठ की शक्ति दिखाई दे रही है। यह इतनी घोषणा कर देते हैं कि जो रेवडी के साथ गट्टे मिलते हैं उनसे आगे भी निकल जाते हैं।' 

शुक्ला ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने शक्तियों का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है, गवर्नमेंट एजेंसियों का उपयोग करके भाजपा ने धनबल के जरिए विपक्ष को दबाना और धमकाना शुरू कर दिया है। जनता ने जिस तरह से कर्नाटक में जनादेश दिया कि यह तोड़फोड़ जोड़-तोड़ से बहुत दूर हो चुके हैं, वैसा ही मध्य प्रदेश में होने वाला है। शुक्ला ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार और भारतीय जनता पार्टी का डीएनए वही है, जो जनता पार्टी का है। आप अपने पुराने लोगों से पूछियेगा यह जमाखोर, मुनाफाखोरों की पार्टी है।
 
राजीव शुक्ला ने आगे कहा कि भाजपा को आम जनता से कोई मतलब नहीं रहता है इसलिए आज किसान परेशान हैं। भारतीय जनता पार्टी को किसानों से क्या समस्या है कि यह किसानों के कर्ज माफ नहीं करते हैं? यह अपने कोई वादे पूरे नहीं करते हैं, आप 2014 का इतिहास देख लीजिए, इन्होंने कहा था कि 2 करोड लोगों को रोजगार दिया जाएगा, नौकरी दी जाएगी, लेकिन क्या इन्होंने यह पूरा किया? यह चुनाव से पहले घोषणा करते हैं, लेकिन उनको कभी पूरा नहीं करते हैं। जबकि हमारी सरकार बनी थी तो यहां के मुख्यमंत्री ने पहली कैबिनेट में किसानों का कर्ज माफ किया था। 

यह भी पढ़ें: मोदी-शाह ED और IT से चुनाव जीतना चाहते हैं, बालाघाट के कटंगी में केंद्र पर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे

शुक्ला ने कहा कि पुरानी कहावत है कि तवे पर रोटी पलटते रहना चाहिए, अगर रोटी पलटते नहीं हैं तो जल जाती है। इसलिए मध्य प्रदेश में 18 साल की भाजपा सरकार को पलटने की जरूरत है, ताकि ये लोगों को तंग न कर सकें, महिलाओं पर अत्याचार न कर सकें और आदिवासियों के सिर पर पेशाब न कर सकें। उन्होंने कहा कि पड़ोस के राज्य छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल जी की सरकार किसानों को धान पर 2600 रू. क्विंटल समर्थन मूल्य दे रहे हैं लेकिन यहां पर नहीं मिल रहा है।।शिवराज सिंह सरकार का ‘किसान विरोधी’ शासन अन्नदाता की कमर तोड़ने पर आमादा है। जो किसान पूरे प्रदेश का पेट पालता है, आज उसी के पेट पर लात मारने का काम शिवराज सिंह सरकार कर रही है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि, 'शिवराज सिंह सरकार के कुशासन के चलते जब मध्यप्रदेश महिलाओं के खिलाफ़ अपराध में, आदिवासियों के शोषण में, कुपोषण में, नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण में, महिलाओं के अपहरण में और शिशु मृत्यु दर में पूरे देश में अव्वल नम्बर पर है। तो भला किसान प्रताड़ना और अत्याचार से कैसे अछूते रह सकते हैं? आज पूरे प्रदेश में किसान खाद की कमी से परेशान है। दिन भर खाद के लिए लाइन में खड़े रहने पर भी किसान भाइयों को शाम को खाली हाथ लौटना पड़ता है। मध्य प्रदेश में खाद और यूरिया का ये संकट हर साल आता है और शिवराज सिंह चादर तान कर सोते रहते हैं। शिवराज सिंह सरकार बताए कि उसकी खाद नीति क्या है? यदि शिवराज सरकार खाद जैसी मौलिक वस्तु भी उपलब्ध नहीं करा सकती तो कृषि मंत्री का औचित्य क्या है? 
खाद-यूरिया का दाम बढ़ा कर, कालाबाज़ारी को संरक्षण दे कर, किसानी पर GST लगा कर भाजपा किसान की आय दुगुनी कैसे करेगी?'