10 लाख रोजगार, महिलाओं को 10 हजार सालाना, व्यापारियों को बिना ब्याज के लोन, राजस्थान कांग्रेस का घोषणापत्र जारी

राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है। इससे पहले कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसमें कांग्रेस ने जातिगत जनगणना का वादा किया है। साथ ही गांव में व्यापार शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये का लोन बिना गारंटी देने की बात कही है।

Updated: Nov 21, 2023, 05:40 PM IST

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने कई बड़े ऐलान किए हैं। घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जो 7 गारंटी दी गई हैं वे उनकी प्राथमिकता रहेंगी। कांग्रेस ने राजस्थान में 10 लाख रोजगार देने का वादा किया है। इसके अलावा चार लाख नई सरकारी नौकरियां देने की भी बात कही गई है। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं का खास ध्यान रखा है।

चुनावी घोषणा पत्र को लेकर सीएम गहलोत ने कहा कि मिशन 2030 के लिए हमने जो सर्वे कराया था उसमें करोड़ से ज्यादा लोगों ने अपनी राय दी थी, उनकी राय को हमने ध्यान में रखते हुए मैनिफेस्टो बनाया है। हमारी सोच है कि वादा करो मत और अगर करो तो निभाओ। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान की चर्चा पूरे देश में हो रही है हमारे कानून और हमारे गारंटी स्कीमों की। पेपर लीक का जो मुद्दा बना रहे हैं, उनसे पूछो कि किसी राज्य में उन्होंने अभी तक किसी को अरेस्ट किया और कानून बनाया।

किसानोंमजदूरों से लेकर महिलाओं तक खास ऐलान

महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने जन घोषणा पत्र में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। महिला सुरक्षा हेतु प्रहरियों की नियुक्ति होगी। परिवहन में जारी यात्रा किराए में छूट के अतिरिक्त फ्री मासिक कूपन जारी होंगे।

कांग्रेस ने किसानों-मजदूरों का भी इस घोषणा पत्र में खासा ध्यान रखा है। कांग्रेस ने किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं की गई हैं। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में कहा है कि किसानों के लिए एमएसपी हेतु कानून बनेगा। दो लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा। श्रमिकों के लिए मनरेगा में रोजगार की अवधि बढ़ाकर 150 दिन होगी। इसके इतर, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में रोजगार की अवधि बढ़ाकर 150 दिन कर दी जाएगी। चिकित्सा क्षेत्र में चिरंजीवी स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए होगी। नि: संतान दंपति हेतु आईवीएफ नेशनल पैकेज चिरंजीवी में शामिल होगा।

कांग्रेस की घोषणाएं

* युवाओं के लिए 10 लाख नए रोजगार सृजित किए जाएंगे।
* चार लाख नई सरकारी नौकरियां दी जाएगी।
* महिलाओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
* परिवहन में जारी यात्रा किराए में छूट के अतिरिक्त फ्री मासिक कूपन जारी होंगे।
* महिला सुरक्षा हेतु प्रहरियों की नियुक्ति होगी।
* किसानों के लिए एमएसपी हेतु कानून बनेगा।
* दो लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा।
* श्रमिकों के लिए मनरेगा में रोजगार की अवधि बढ़ाकर 150 दिन होगी।
* इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में रोजगार की अवधि बढ़ाकर होगी 150 दिन।
* ऑटो व टैक्सी ड्राइवर को गिग वर्कर्स अधिनियम में शामिल किया जाएगा।
* चिकित्सा क्षेत्र में चिरंजीवी स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए होगी।
* नि: संतान दंपति हेतु आईवीएफ नेशनल पैकेज चिरंजीवी में शामिल होगा।