हाई रिस्क देशों से भारत आए यात्री, 6 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

हाई रिस्क वाले ग्यारह देशों से भारत पहुंचे 3400 से अधिक यात्रियों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें 6 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं, हालांकि इनमें अभी कोरोना के नए वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है

Publish: Dec 02, 2021, 01:47 AM IST

नई दिल्ली। कोरोना के नए वेरिएंट omicron ने दुनिया भर के तमाम देशों को दहशत में डाल दिया है। भारत में हाई रिस्क वाले देशों से आने वाले 6 यात्रियों के कोविड पॉजिटिव पाए जाने ने हड़कंप मचा दिया है। हालांकि इन लोगों में अभी omicron वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाई रिस्क वाले कुल ग्यारह देशों से भारत आने वाले 3476 यात्रियों की कोरोना जांच हुई थी। कोरोना रिपोर्ट में 6 यात्रियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद इनके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। संक्रमित पाए गए सभी यात्रियों को आइसोलेशन में रखा गया है।

कोरोना के नए वेरिएंट को वायरस का अब तक का सबसे घातक स्वरूप बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह वेरिएंट टीकों से भी लड़ने की पूरी क्षमता रखता है। अब तक कुल बीस देशों में इस वेरिएंट की पुष्टि हो चुकी है। 

गनीमत है कि भारत में अब तक एक भी मामले की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि महाराष्ट्र के ठाणे में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन से लौटा व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया जा चुका है। वहीं चंडीगढ़ में भी एक युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह भी अफ्रीकी देश से ही हाल ही में भारत लौटा था। 

नए वेरिएंट के खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने हाई रिस्क वाले देशों से भारत आने वाले यात्रियों की सघन जांच और उनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के भी निर्दश दिए हैं। निर्देशों के मुताबिक भारत आने वाले यात्री को अगर वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है, तब भी उसकी कोरोना जांच की जाएगी। वहीं संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्ति को आइसोलेशन में रखा जाएगा।