बिहार: मुंगेर में बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अजफर शम्सी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

आरजेडी ने कहा प्रदेश में चल रहा महाजंगलराज, अपराधियों के चंगुल में फंसा राज्य और बीजेपी के चंगुल में नीतीश कुमार

Updated: Jan 27, 2021, 01:01 PM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

पटना। बिहार के मुंगेर जिले में बीजेपी प्रवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मुंगेर के जमालपुर कॉलेज कैंपस में घात लगाए बैठे बदमाशों ने बीजेपी प्रवक्ता अजफर शम्सी पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना भीड़भाड वाले इलाके की है, फायरिंग के बाद अज्ञात आरोपी फरार हो गए। दिनदहाड़े बीजेपी नेता की हत्या से इलाके मे सनसनी फैल गई है। विपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

बीजेपी प्रवक्ता की हत्या के बाद आरजेडी ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है, आरजेडी का कहना है कि बिहार में अब महाजंगलराज कायम हो चुका है। आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने चुटकी ली है कि अपराधियों के चंगुल में बिहार फंसा है, और बीजेपी के चंगुल में नीतीश कुमार फंसे हैं। 59 वर्षीय अजफर शम्शी जमालपुर कालेज के प्रोफेसर थे। जमालपुर कॉलेज कैंपस में आरोपियों ने उनके सिर के दाईं कनपटी पर गोली मारी थी। जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती किया गया था।

वहीं परिजनों का आरोप है कि जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य से उनकी रंजिश चल रही थी। फिलहाल पुलिस ने प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद और अजफर शम्शी में कॉलेज के हैंडओवर-टेकओवर पर विवाद था। वहीं शक है कि कहीं ITC वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पद मामले में तो हत्या नहीं की गई है।

गौरतलब है कि अजफर शम्शी कॉलेज में प्रोफेसर तो थे ही साथ ही वे ITC वर्कस यूनियन के अध्यक्ष भी हैं।  इस यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर आरजेडी  के प्रदेश महासचिव पंकज यादव समेत कुछ लोगों से उनका विवाद था। उनकी नजर भी अध्यक्ष पद पर थी। मामला हाईकोर्ट में चल रहा था। इससे पहले कोरोना काल में ITC ऑफिस में भी प्रोफेसर पर जानलेवा हमला किया गया था। जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। फिलहाल पुलिस कॉलेज औऱ आसपास के इलाकों के CCTV के फुटेज को खंगालने में जुटी है। अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।