अभिनेता इरफान खान का निधन

शूजीत सरकार ने लिखा, 'मेरे प्रिय मित्र इरफान, आप लड़े, लड़े और लड़े। मुझे आप पर हमेशा गर्व रहेगा.. हम फिर से मिलेंगे।

Publish: Apr 30, 2020, 12:52 AM IST

बॉलीवुड एक्टर इरफान खान का 54 साल की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। इरफान खान की तबीयत अचानक खराब होने की वजह से उन्हें मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में एडमिट किया गया था। उन्हें कोलन इंफेक्शन की वजह से भर्ती कराया गया था।

इरफान खान की मौत की खबर ट्विटर पर फिल्म निर्माता शूजीत सरकार ने शेयर की। उन्होंने लिखा, 'मेरे प्रिय मित्र इरफान, आप लड़े, लड़े और लड़े। मुझे आप पर हमेशा गर्व रहेगा.. हम फिर से मिलेंगे। शांति और ओम शांति। इरफान खान को सलाम।

अमिताभ बच्‍चन ने ट्वीट कर इसे यह बेहद परेशान कर देने वाली खबर कहा है।

 

गौरतलब है कि साल 2018 में इरफान खान  को पता चला था कि वह न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं। इस बीमारी के इलाज के लिए इरफान खान लंदन भी गए थे और करीब साल भर इलाज कराने के बाद वह वापस भारत लौटे थे। हाल ही में इरफान की मां सईदा बेगम का  जयपुर में निधन हुआ था। लॉकडाउन के बीच इरफान मां के अंतिम संस्कार में नहीं जा पाए थ। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही अपनी ओर से प्रार्थना की थी।

मकबूल, लंच बॉक्स, पीकू, पान सिंह तोमर से मिली अलग पहचान 
इरफान ने 'मकबूल', 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'द लंच बॉक्स', 'पीकू', 'तलवार' और 'हिंदी मीडियम' जैसी फिल्मों में काम किया। उन्हें 'हासिल' (निगेटिव रोल), 'लाइफ इन अ मेट्रो' (बेस्ट एक्टर), 'पान सिंह तोमर' (बेस्ट एक्टर क्रिटिक) और 'हिंदी मीडियम' (बेस्ट एक्टर) के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। 'पान सिंह तोमर' के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। कला के क्षेत्र में उन्हें देश का चौथा सबसे बड़ा सम्मान पद्मश्री भी दिया गया।