Election Voting 2020: 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान आज

मध्यप्रदेश की 28 और गुजरात में आठ सीटों पर भी बीजेपी की है अग्निपरीक्षा, उत्तरप्रदेश में योगी के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहेगा चुनाव

Updated: Nov 03, 2020, 02:25 PM IST

Photo Courtesy: Freepress Journal
Photo Courtesy: Freepress Journal

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के चुनाव के साथ आज 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होंगे। यह उपचुनाव इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इससे न सिर्फ खाली सीटों को भरा जाएगा बल्कि कोरोना काल में केंद्र सरकार के कार्यों के लिए जनता अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा 28 सीटों पर आज मतदान होगा। जिससे प्रदेश में सत्ता का भविष्य तय होगा।

किस राज्य की कितनी सीटों पर हो रहे हैं उपचुनाव ?

आज होने वाले उपचुनाव में सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके साथ ही गुजरात की आठ, उत्तर प्रदेश की सात, कर्नाटक, ओडिशा, झारखंड और नागालैंड की दो-दो और तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा की एक-एक विधानसभा सीटों पर मतदान होंगे। बता दें कि वर्तमान में देशभर में 63 विधानसभा सीटें रिक्त पड़ी हैं। इनमें 56 सीटों पर उपचुनाव प्रस्तावित हैं। 54 सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं वहीं मणिपुर की दो सीटों पर 7 नवंबर को चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल, केरल, असम और तमिलनाडु में अगले साल चुनाव होने हैं इसलिए वहां उपचुनाव को रोक दिया गया है। 

मध्यप्रदेश के 28 सीट तय करेंगे सीएम का चेहरा

इन उपचुनावों में मध्यप्रदेश का उपचुनाव सबसे ज्यादा खास माना जा रहा है। इसका कारण यह है कि प्रदेश के 28 विधानसभा क्षेत्रों की जनता आज इस बात को तय करेगी कि सीएम का चेहरा कौन होगा। मध्यप्रदेश में सीएम शिवराज को बहुमत के लिए 8 सीटों पर चुनाव जीतना जरूरी है वहीं कांग्रेस को 28 सीटें चाहिए। वर्तमान में 230 सदस्यों वाली मध्यप्रदेश विधानसभा में बीजेपी के पास 107 वहीं कांग्रेस के पास 87 विधायक हैं। इसके अलावा चार निर्दलीय, बसपा के दो और सपा के एक विधायक हैं। कांग्रेस के एक विधायक ने हाल ही में इस्तीफा दिया है इसलिए एक सीट पर उपचुनाव बाद में होंगे।

गुजरात की आठ सीटों पर है बीजेपी की अग्निपरीक्षा

गुजरात में आठ सीटों पर उपचुनाव होने हैं। यह सीटें राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद रिक्त हुईं हैं। बीजेपी ने यहां भी मध्यप्रदेश की तरह कांग्रेस से पाला बदलकर पार्टी में आए सभी बागियों को टिकट दिया है। गुजरात के चुनाव से सीएम पद पर कोई असर नहीं पड़ेगा, हालांकि इसे इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि यहां की जनता आज तय करेगी कि सरकार का कामकाज कैसा रहा है। इसी आधार पर 2022 विधानसभा चुनाव का रुख भांपा जाएगा।

उत्तरप्रदेश में योगी का साख भी दांव पर लगा

साल 2017 के यूपी विधानसभा चुनावों में एकतरफा जीत दर्ज करने वाली बीजेपी द्वारा योगी को सीएम बनाया गया था। प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हो रहे इस उपचुनाव में योगी का साख भी दांव पर लगी है। माना जा रहा है कि इस उपचुनाव में अपराध, महिला सुरक्षा और राम मंदिर को लेकर लोग वोट करेंगे।