CDS Bipin Rawat: सीमा पर हालात तनावपूर्ण, चीन से हो सकता है युद्ध

India-China Dispute: जनरल बिपिन रावत ने एक वेबिनार में माना कि चीन के साथ LAC पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं

Updated: Nov 07, 2020, 12:22 PM IST

Photo Courtesy: The Tribune
Photo Courtesy: The Tribune

नई दिल्ली। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने कहा है कि सीमा पर चीन के साथ हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि युद्ध की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। जनरल रावत ने यह बात शुक्रवार को एक वेबिनार में कही। उन्होंने माना कि चीन के साथ पूर्वी लद्दाख में स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है।

जनरल रावत ने दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज के गोल्डन जुबली वेबिनार में कहा कि भारतीय सैनिकों ने सरहद पर चीनी सेना की हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारत वास्तविक नियंत्रण रेखा में किसी भी तरह के बदलाव को स्वीकार नहीं करेगा। जनरल रावत ने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में देश की रक्षा तैयारियों को मज़बूत करने में इसका अहम योगदान रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय रक्षा उद्योग जल्द ही हमें पूरी तरह से देश में ही बने अत्याधुनिक हथियार और उपकरण उपलब्ध कराने की स्थिति में होगा।

यह भी पढ़ें : चीन से तनाव के बीच रक्षा मंत्रालय ने 2017 के बाद की सारी रिपोर्ट्स हटाईं

भारत और चीन के बीच पिछले तकरीबन आठ महीनों से सीमा पर गतिरोध जारी है। हाल ही में लद्दाख के पूर्व बीजेपी सांसद ने चेतावनी दी थी कि चीनी सेना भारतीय इलाके में और भीतर तक घुस आई है। लेकिन सरकार ने ऐसी खबरों को गलत बताते हुए खारिज कर दिया था।

यह भी पढ़ें: चीनी सेना भारतीय इलाके में और अंदर घुसी, लद्दाख के पूर्व बीजेपी सांसद का दावा

कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार पर वास्तविक नियंत्रंण रेखा की वास्तविक स्थिति की जानकारी न देने का आरोप लगाते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मसले को लेकर लगातार प्रधानमंत्री पर निशाना साधते रहते हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि चीनी सेना ने वास्तविक नियंत्रण रेखा को पार करके भारतीय ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया है, लेकिन प्रधानमंत्री चीन को जवाब देने की जगह देश से झूठ बोल रहे हैं।