पश्चिम बंगाल में कल से 30 मई तक संपूर्ण लॉकडाउन, केवल जरूरी सेवाएं रहेंगी जारी

पश्चिम बंगाल सरकार ने 16 से 30 मई तक के लिए पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी।

Updated: May 15, 2021, 08:33 AM IST

Photo courtesy: patrika
Photo courtesy: patrika

कोलकाता। देश भर में कोरोना का कहर जारी है। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में कल से संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। कल से बंगाल में जरूरी सेवाओं को छोड़कर सबकुछ बंद रहेगा। किराने और सब्जी की दुकानें सुबह 7 बजे से 10 बजे  तक खुलेंगी। जबकि सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैंक खुलेंगे। लॉकडाउन में सरकारी और प्राइवेट दफ्तर बंद रहेंगे। लोकल ट्रेन, बस सेवा भी बंद रहेगी। सभी स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे।

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद ममता बनर्जी ने 5 मई को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शपथ लेते ही उन्होंने बंगाल में 10 दिनों के लिए कई प्रतिबंध लगाने का एलान किया था। अब इन प्रतिबंधों को बढ़ाकर 30 मई तक कर दिया गया है। पश्चिम बंगाल में 16 मई से 30 मई तक सम्पूर्ण लॉकडाउन रहेगा।

राज्य में आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। मीडिया कर्मियों को आने जाने में छूट रहेगी। मेडिकल स्टोर, ऑप्टिकल शोरूम और एटीएम बंद नहीं किए जाएंगे। पेट्रोल पंप्स को भी खोलने का फैसला लिया गया है। वहीं, एयरपोर्ट्स से आपातकालीन स्थिति में सफर कर रहे यात्रियों और फैरी के यात्रियों के परिवहन की छूट होगी।


गौरतलब है कि बंगाल में कोरोना संक्रमण का प्रकोप बहुत तेजी से फैल रहा है हर दिन रिकॉर्ड स्तर पर नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। बंगाल में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 20,846 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 10 लाख 94 हजार 802 हो गए है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बीमारी से 136 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 12,993 हो गई है. हालांकि राज्य में गुरुवार से 19,131 लोग स्वस्थ हुए हैं।