यूपी में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, किसी भी राजनीतिक दल से नहीं होगा गठबंधन: प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू ने भी कहा है कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल करेगी, उन्होंने कहा कि इन चुनावों में बीजेपी तीस सीटें भी अपने पाले में नहीं कर पाएगी

Updated: Nov 14, 2021, 02:55 PM IST

लखनऊ। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बड़ा एलान कर दिया है। प्रियंका गांधी ने चुनावों से पहले यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी अकेले ही विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। प्रियंका गांधी ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। 

हम कांग्रेस को मज़बूत करने आए हैं 
प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में आयोजित पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह एलान किया। कांग्रेस महासचिव ने कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम यह चुनाव अपने दम पर लड़ेंगे और सभी सीटों पर लड़ेंगे। हमें कांग्रेस को मज़बूत करना है। क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र वह पार्टी है जो देश के लिए खड़ी है। 

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में बीजेपी, बीएसपी और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस महासचिव ने कहा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और उनके कथन को याद करते हुए कहा कि नेहरू जी कहा करते थे कि भारत माता की जय के नारे में देश के हर एक व्यक्ति की जय बोली जाती है। प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी वह आज़ादी का मतलब नहीं जानते। यही वजह है की बीजेपी का नेतृत्व अमूमन आज़ादी और स्वतंत्रता सेनानियों का अनादर करता है।     

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ इस देश में विकास ही नहीं किया है बल्कि देश में भाईचारा भी बढ़ाया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में एक बार फिर करो या मरो की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। पेट्रोल को 70 रुपए तक आने में 70 साल लगे लेकिन बीते 7 साल में ही पेट्रोल सौ के पार पहुँच गया।  

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस पार्टी ने चुनावों में पार्टी की गठबंधन नीति पर अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले थे। लेकिन पूर्व सीएम और बीएसपी प्रमुख मायावती की माँ के निधन पर संवेदना प्रकट करने पहुँची प्रियंका गांधी और मायावती के बीच हुई मुलाकात के बाद से ही मीडिया में कई कयास लगाए जाने लगे थे। लेकिन अब खुद प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीति स्पष्ट कर दी है। 

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू ने भी बड़ा बयान दिया है। अजय लल्लू ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी न सिर्फ उम्दा प्रदर्शन करेगी बल्कि बहुमत भी हासिल करेगी। वहीं बीजेपी को लेकर अजय लल्लू ने कहा है कि विधानसभा चुनावों में इस पार्टी का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो जाएगा। बीजेपी तीस सीट भी हासिल नहीं कर पाएगी।