टाइगर स्टेट MP में नहीं थम रहा बाघों की मौत का सिलसिला, एक महीने में चार ने तोड़ा दम

बालाघाट वन क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक और बाघ का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में एक महीने में चार बाघ की मौत हो चुकी है, जो मध्य प्रदेश में बाघों की सुरक्षा और संरक्षण पर सवाल खड़ा करती है।

Updated: Mar 03, 2025, 02:10 PM IST

बालाघाट। टाइगर स्टेट के नाम से मशहूर मध्य प्रदेश में बाघों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम ये है कि यहां एक माह में 4 बाघों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला बालाघाट वन क्षेत्र का है। यहां एक और बाघ का शव बरामद होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, बालाघाट वन क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक और बाघ का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में एक महीने में चार बाघ की मौत हो चुकी है, जो मध्य प्रदेश में बाघों की सुरक्षा और संरक्षण पर सवाल खड़ा करती है। मध्य प्रदेश भारत में 'टाइगर स्टेट' के नाम से जाना जाता है और लगातार बाघों की हो रही मौत से ये तमगा भी छिन सकता है।

यह भी पढ़ें: टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा गिद्धों का कुनबा, 12 हजार के पार हुई संख्या

मध्य प्रदेश के अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. कृष्णमूर्ति ने एक बाघ का शव मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि शनिवार को कटंगी रेंज के मुंडीवाड़ा सर्कल के कोदमी बीट में बाघ का शव मिला है। हालांकि, शुरुआती जांच में अवैध शिकार की बात को खारिज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। 

वन्यजीव अधिकारियों और पशु चिकित्सकों के प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार, बाघ की मौत का संभावित कारण भूख और निर्जलीकरण हो सकता है। अधिकारी ने कहा कि यह एक नर बाघ था। शव के गले में एक तार का फंदा मिला है, जिससे लगता है कि वह संघर्ष कर रहा था। वह कुछ भी खाने में असमर्थ हो गया था, जिसकी वजह से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। 

सूत्रों के अनुसार, बाघ उस जाल में फंस गया था, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर शिकारी जंगली सूअरों और अन्य जानवरों को फंसाने के लिए करते हैं। बाघ ने शायद खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष किया होगा। विशेषज्ञों का अनुमान है कि बाघ करीब 15 दिनों तक जाल में फंसा रहा होगा। वन विभाग का वर्तमान अनुमान है कि यह जाल सूअर के लिए था और बाघ अनजाने में शिकार बन गया। फिर भी, अवैध शिकार की संभावना को पूरी तरह से नकारा नहीं जा सकता।