इंतजार न करें, तत्काल घर खाली कर दें, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से CM केजरीवाल की अपील

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बाढ़ की स्थिति के मद्देनज़र सचिवालय में इमरजेंसी मीटिंग की। केजरीवाल ने यमुना के पास निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से जल्द से जल्द घरों को खाली करने की अपील की है।

Updated: Jul 12, 2023, 07:47 PM IST

नई दिल्ली। उत्तर भारत में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का असर अब दिल्ली में भी दिखने लगा है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बुधवार को आज तक के सभी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 207.55 मीटर तक पहुंच गया है। इससे पहले वर्ष 1978 में यमुना का जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था। यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने निचले हिस्सों में रहने वाले लोगों से घर खाली करने की अपील की है।

दरअसल, यमुना के बढ़ते जलस्तर ने राज्य के कई निचले इलाके को डुबा दिया है। इस बीच दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बाढ़ की स्थिति के मद्देनज़र सचिवालय में इमरजेंसी मीटिंग की। इमरजेंसी मीटिंग के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "यमुना के पास निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से मेरी गुजारिश है। यमुना का पानी लगातार बढ़ रहा है। आप पानी और बढ़ने का इंतजार न करें। जितनी जल्दी हो घर खाली कर दें।"

केजरीवाल ने कहा, "यमुना का जलस्तर 207.71 मीटर तक पहुंच चुका है, जो एक रिकॉर्ड है। दिल्ली में पिछले दो-तीन दिनों से बारिश नहीं हो रही है। यहां पानी हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से आ रहा है। मैंने इस बारे में गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। उनसे आग्रह किया है कि दिल्ली आने वाले पानी का स्तर कम किया जाए। मैं निचले इलाके में रह रहे सभी लोगों से घर खाली करने का आग्रह कर रहा हूं। यमुना नदी के जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में लोग प्रभावित होंगे।"

बता दें कि 1978 में यमुना का का जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था, जो सबसे उच्च स्तर था। इस बार 45 साल का रिकॉर्ड टूटा है। यमुना का पानी रिंग रोड पर पहुंच गया है। बाढ़ के हालात को देखते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को भी चिट्ठी लिखी है।