चुनाव आते-जाते रहेंगे, आप मणिपुर पर ध्यान दीजिए, पीएम मोदी के भोपाल दौरे पर कांग्रेस ने बोला हमला

हमारे 100 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। लोगों के घर जल रहे हैं। लोग तबाह हैं। खौफ के साए में जीने को मज़बूर हैं। ये कैसा 'विकसित भारत' बना रहे हैं आप?: कांग्रेस

Updated: Jun 27, 2023, 09:59 AM IST

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भोपाल दौर पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी चुनावी अभियान "मेरा बूथ, सबसे मजबूत" को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के भोपाल दौरे को लेकर कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस ने पीएम मोदी से गुजारिश करते हुए कहा है कि मोदी जी, चुनाव आते-जाते रहेंगे, आप मणिपुर पर ध्यान दीजिए।

भोपाल दौरे को लेकर जानकारी देते हुए ट्वीट किया, 'भोपाल में सुबह 11:15 बजे ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में भाजपा के लाखों निष्ठावान कार्यकर्ताओं से संवाद का सौभाग्य मिलेगा। यह अवसर ‘विकसित भारत’ के लिए उनके संकल्प को और सशक्त करेगा।'

प्रधानमंत्री के इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने हमला बोला है। एआईसीसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा, 'प्रधानमंत्री जी, चुनाव आते-जाते रहेंगे… कृपया आप मणिपुर पर ध्यान दीजिए। 55 दिन से ज्यादा हो गए, हिंसा नहीं रुकी है। हमारे 100 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। लोगों के घर जल रहे हैं। लोग तबाह हैं। खौफ के साए में जीने को मज़बूर हैं। ये कैसा 'विकसित भारत' बना रहे हैं आप?'

प्रधानमंत्री सुबह 9.50 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
सुबह 9.55 बजे स्टेट हैंगर से बीयू के लिए रवाना होंगे। सुबह 10.15 बजे बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के हेलिपैड पर उतरेंगे। सुबह 10.30 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेंगे। रानी कमलापति स्टेशन पर दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सुबह 11.05 बजे सड़क मार्ग से लाल परेड मैदान के लिए रवाना होंगे। सुबह 11.15 से 12.15 तक 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

प्रधानमंत्री भोपाल से मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव और 2024 लोकसभा इलेक्शन के लिए चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान के तहत 543 लोक सभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को सुबह 11.45 बजे डिजिटली संबोधित करेंगे। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।