UP Fire: कानपुर और मेरठ की फैक्ट्रियों में लगी आग, कई मजदूर झुलसे

कानपुर में बंद पड़ी रिफाइनरी में लगी भीषण आग तो मेरठ की धागा फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का नुकसान

Updated: Nov 11, 2020, 10:40 PM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

कानपुर।  उत्तर प्रदेश में दो अलग-अलग शहरों में भयानक आग लग लगई। कानपुर की बंद पड़ी रिफाइनरी में भीषण आग लगी। जबकि मेरठ की धागा फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। इस हादसे में धागा फैक्ट्री के कई मजदूर झुलस गए हैं। 

बुधवार तड़के कानपुर के अकबरपुर के रनिया इंडस्ट्रियल इलाका स्थित आयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। आग से इलाके में हड़कंप मच गया। बंद पड़ी रिफाइनरी में संदिग्ध परिस्थियों में आग लगी। आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आग की तेज लपटें उठते देखी गईं। फैक्ट्री में तैनात सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

 

फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। आग की लपटें बढ़ते देख जैनपुर स्थित फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। आयल फैक्ट्री में लगी आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही आग की लपटें दिखाई दे रहीं थी। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग से रिफायनरी को बड़ा नुकसान होने की आशंका है।    

मेरठ की धागा कंपनी में भी लगी आग, कई मजदूर झुलसे

वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ में मंगलवार रात आग लगने का मामला सामने आया। मेरठ के परतापुर थाना इलाके में धागा बनाने की फैक्ट्री भीषण आग लग गई। इस आग में कंपनी के कई मजदूरों के झुलसने की भी खबर है। आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग से धागा कंपनी में बड़े नुकसान की आशंका है।  

यह धागा कंपनी परतापुर थाना इलाके के कुंडा इंडस्ट्रियल एरिया में है। शिव शक्ति टेक्‍सटाइल नाम की इस  फैक्‍ट्री में धागा बनाया जाता है। खबर है कि फैक्ट्री में यह आग लग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी। फैक्ट्री में  धागे होने की वजह से आग विकराल होती गई। इस घटना के दौरान फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। आग लगने से वहां हड़कंप मच गया। अफरा तफरी की वजह से कई मजदूर आग की चपेट में आकर झुलस गए।