हरियाणा: बीजेपी मंत्री के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज, विवाद बढ़ने पर मंत्री ने दिया इस्तीफा

हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर महिला कोच ने पीछा करने, अवैध रूप से बंधक बनाने, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है।

Updated: Jan 01, 2023, 09:04 AM IST

चंडीगढ़। बीजेपी शासित हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को एक महिला कोच ने उनके ऊपर सेक्सुअल हरासमेंट का आरोप लगाया था। हरियाणा के DGP ने इस मामले की जांच के लिए SIT गठित की है। SIT को निर्देश मिला है कि वो पूरे मामले की डिटेल्ड जांच करे और जल्द से जल्द रिपोर्ट दे। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, संदीप सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाने में FIR दर्ज हुई है। ADG ममता सिंह की अध्यक्षता में यह SIT गठित हुई है। उनके अलावा दो और अधिकारी इस जांच टीम में हैं। संदीप सिंह के खिलाफ IPC की धारा-354, 354A, 354B, 342, 506 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले पर विवाद बढ़ने के बाद भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके संदीप सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

यह भी पढ़ें: कश्मीर में लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है महबूबा मुफ्ती ने CJI चंद्रचूड़ को लिखी चिट्ठी

हालांकि, संदीप सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि, 'मेरी छवि को खराब करने के लिए माहौल बनाया गया है। जूनियर कोच ने मेरे खिलाफ जो झूठ आरोप लगाए हैं, मैं चाहूंगा कि उसकी सही तरीके से जांच हो। नैतिकता और इंसानियत के आधार पर मैं खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंप रहा हूं। जो भी रिपोर्ट आए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए, उसके बाद मुख्यमंत्री जी अगला फैसला लें।'

संदीप सिंह हरियाणा के पिहोवा से बीजेपी विधायक हैं। शिकायत में महिला कोच ने आरोप लगाया था कि संदीप सिंह ने महिला खिलाड़ियों के साथ भी छेड़छाड़ की है। महिला कोच के मुताबिक संदीप सिंह ने उनसे इंस्टाग्राम के जरिए कॉन्टैक्ट किया। इस बातचीत के बाद संदीप ने उन्हें अपने सरकारी आवास पर बुलाया था। कुछ डॉक्यूमेंट्स के नाम पर उनसे आवास पर आने के लिए कहा गया और फिर वहां पर 'छेड़छाड़' की गई।