यूपी के हाथरस में बदमाश बेखौफ, छेड़खानी के आरोपी ने जेल से छूटते ही लड़की के पिता को मार डाला
हत्या के 6 आरोपियों में एक गिरफ्तार, पांच अब तक फ़रार, आरोपी गौरव लड़की के घर में घुसकर छेड़खानी करने के मामले में हाल ही में 15 दिन जेल में रहकर बाहर आया था
लखनऊ। अपराध के एपिसेंटर बन चुके हाथरस ज़िले में एक और दिल दहलाने वाली घटना हुई है। ज़िले नौजरपुर गांव में लड़की के साथ छेड़खानी करने के आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की के पिता को दिन दहाड़े गोली मार दी। गोली लगने की वजह से लड़की के पिता की मौत हो गई है। पीड़ित लड़की की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पांच अन्य आरोपी अभी पुलिस के शिकंजे से बाहर हैं।
नौजरपुर के रहने वाले 52 वर्षीय किसान अमरीष शर्मा सोमवार दोपहर करीब 4 बजे अपने खेत पर आलू की खुदाई कराने गए थे। अमरीष की पत्नी और पीड़िता बेटी भी खेत पर उन्हें खाना देने के लिए आईं थी। उसी दौरान एक सफेद रंग की गाड़ी में सवार हो कर बदमाश आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान गोली लगने से अमरीष की मौत हो गई। फायरिंग में शामिल एक आरोपी भी घायल हो गया। हत्या के आरोपी अपने घायल साथी को गाड़ी में बैठाकर मौके से फरार हो गए।
इस बीच घायल अमरीष को परिजन आनन फानन में ज़िला अस्पताल लेकर गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अमरीष की बेटी ने अपने पिता के हत्यारों के खिलाफ पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एक आरोपी ललित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जबकि उसके पांच अन्य साथी अभी फरार चल रहे हैं।
क्या है मामला
दरअसल जुलाई 2018 में मृतक अमरीष ने मुख्य आरोपी गौरव के खिलाफ जबरन घर में घुसकर बेटी से छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। छेड़खानी के मामले में गौरव हाल ही में 15 दिन के लिए जेल की हवा खा कर बाहर आया था। उसके खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा अभी चल ही रहा है। जेल से बाहर निकलने के बाद से गौरव लड़की के पिता से बदला लेने की फिराक में था। सोमवार को मौका देख उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अमरीष को गोलियों से भून डाला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।




