BBC के दिल्ली-मुंबई दफ्तरों पर आयकर विभाग का छापा, कर्मचारियों के जब्त किए गए फोन

बीबीसी ऑफिस में आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। डॉक्यूमेंट्री बैन करने के बाद मीडिया संगठन पर बड़ी कार्रवाई। कर्मचारियों का फोन जब्त कर उन्हें घर भेजा गया।

Updated: Feb 14, 2023, 11:33 AM IST

नई दिल्ली। विश्वविख्यात मीडिया संस्थान BBC के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर इनकम टैक्स के छापे पड़े हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। कर्मचारियों से दफ्तर छोड़कर जाने के लिए कहा गया है। गुजरात दंगों से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री के बाद इसे बदले की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 60-70 सदस्यों वाली आयकर विभाग की टीमें बीबीसी के दफ्तर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। दफ्तर में अंदर आने और बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। दिल्ली में बीबीसी का दफ्तर इमारत के 5वें और 11वें फ्लोर पर है, दोनों फ्लोर पर आईटी के अफसर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि बीबीसी के लंदन हेडक्वार्टर को भी छापे की जानकारी दी गई है।

यह भी पढ़ें: वाराणसी में नहीं मिली राहुल गांधी के विमान को उतरने की अनुमति, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

ऑफिस में मौजूद कंप्यूटर सिस्टम को कब्जे में लिया जा रहा है और उन सिस्टम के पासवर्ड भी लिखवाए जा रहे हैं। मुंबई में भी एक परिसर में IT विभाग की दिल्ली टीम का सर्वे चल रहा है। वहां Bandra Kurla Complex में बीबीसी का ऑफिस है।

छापे पर कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस ने कहा, "पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल"

ये छापा 14 फरवरी को प्रसारित हुए अमित शाह के इंटरव्यू के प्रसारित होने के कुछ देर बाद ही पड़ा है। इस बातचीत में भी अमित शाह ने विवादित डॉक्यूमेंट्री को लेकर कहा है कि हजारों साजिशों के बाद भी सच्चाई उभर कर बाहर आता रहा है। वो मोदी के पीछे 2002 से हैं। लेकिन हर बार मोदी जी और मजबूत और लोकप्रिय होकर सामने आते हैं।

दरअसल, पिछले दिनों बीबीसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात दंगों पर एक डाक्यूमेंट्री जारी की थी। केंद्र सरकार ने "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" नामक इस डॉक्यूमेंट्री को प्रतिबंधित कर दिया था। विदेश मंत्रालय ने इस डॉक्यूमेंट्री को दुष्प्रचार का हिस्सा करार दिया था। हालांकि, इसके बावजूद कई यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों द्वारा डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की गई। 

यह भी पढ़ें: गुजरात दंगों से जुड़ी BBC की डॉक्यूमेंट्री पर बवाल, केंद्र ने वीडियो शेयर करने वाले ट्वीट्स को ब्लॉक करने का दिया निर्देश

इस डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि गुजरात दंगों के दौरान मुस्लिम महिलाओं का योजनाबद्ध तरीके से बलात्कार किया गया था। इस डॉक्यूमेंट्री में दंगों को लेकर पीएम मोदी का इंटरव्यू करने वाली बीबीसी की जिल मैक्गिवरींग का भी बयान है। जिसमें वह नरेंद्र मोदी को काफी खतरनाक व्यक्ति के रूप में वर्णित करती हैं। केंद्र सरकार ने इसे प्रोपगैंडा का हिस्सा करार देते हुए वीडियो को तमाम प्लेटफार्म से हटाने का निर्देश दिया था। अब केंद्र सरकार ने डॉक्यूमेंट्री जारी करने वाले मीडिया संस्थान को निशाने पर लिया है।