बरवी तूफान ने देश के दक्षिणी तटों पर दी दस्तक, 70 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

IMD ने दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल के लिए रेड अलर्ट किया है, तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को किया बंद

Updated: Dec 04, 2020, 10:23 PM IST

Photo Courtesy: Punjab Kesari
Photo Courtesy: Punjab Kesari

केरल। चक्रवाती तूफान निवार के बाद अब बरवी चक्रवात का खतरा देश पर मंडरा रहा है। बरवी तूफान भारत के दक्षिणी तटों पर पहुंच चुका है। जिसके चलते मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बताया जा रहा है कि बरवी तूफान के दौरान 70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाए चल सकती हैं। इसके लिए प्रशासन ने भी पूरी तैयारी कर ली है।

भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल के लिए रेड अलर्ट किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, टूथुकुडी, पुड्डुचेरी और कुड्डलोर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। हवा की रफ्ता शुक्रवार तक कमजोर होने की संभावना है। इस तूफान के मद्देनजर केरल के 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को पर शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बंद कर दिया गया है।

प्रशासन ने भी इस तूफान से निपटने के लिए पूरी तैयारी की है। नौसेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया दल की गोताखोरी और राहत टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। दो नेवी शिप और एयरक्राफ्ट भी तैनात किए गए हैं। गुरुवार की रात तूफान रामेश्वरम् से गुजरा और यहां पर कुछ नावों को भारी बारिश और हवाओं की वजह से नुकसान पहुंचा है। 3 मछुआरों को भी रेस्क्यू किया गया। बता दें कि हाल ही में दक्षिणी राज्यों में चक्रवाती तूफान निवार का कहर देखने को मिला था। अभी उसे गुजरे एक सप्ताह भी नहीं बीता है कि एक और चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है।