उद्योगपति मुकेश अंबानी को मिली जान से मारने की धमकी, कहा- तीन घंटे में पूरे परिवार को खत्म कर देंगे
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के नंबर पर किसी अनजान शख्स ने लगातार 8 फोन कॉल किए और पूरे परिवार को तीन घंटे में खत्म करने की धमकी दी।

मुंबई। रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर किसी अनजान शख्स ने एक दो नहीं बल्कि लगातार 8 फोन कॉल किया। फोन करने वाले शख्स ने मुकेश अंबानी और उनके पूरे परिवार को तीन घंटे में खत्म करने की धमकी दी।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुंबई के दहिसर इलाके से एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अंबानी परिवार की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। मामले में डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले ने आठ बार फोन किया। ये फोन कॉल रिलायंस फाउंडेशन के हरकिशनदास हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर की गई हैं।
यह भी पढ़ें: गांधी-नेहरू जैसे नेताओं की छवि खराब करने के लिए तथ्यों से छेड़छाड़ कर रही आत्ममुग्ध सरकार: सोनिया गांधी
इसी बीच अंबानी परिवार का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी और पोता पृथ्वी अंबानी तिरंगा फहराते दिख रहे हैं। मुकेश अंबानी ने अपने पोते को अपनी गोद में उठा रखा है, जबकि नीता अंबानी हाथों में तिरंगा लहरा रही हैं। बताया जा रहा है कि अंबानी परिवार कंपनी के कर्मचारियों के साथ आज स्वतंत्रता दिवस समारोह मना रहा था। यह वीडियो उसी समारोह का है।
इससे पहले भी मुकेश अंबानी को कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। पिछले साल फरवरी में मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास विस्फोटक से भरी कार मिली थी। इसमें 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्ठी मिली थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस केस में मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सचिन वझे का नाम आया था। फिलहाल NIA इस केस की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: ये बोस, अंबेडकर, सावरकर को याद करने का वक्त है, लाल किले की प्राचीर से बोले पीएम मोदी
मुकेश अंबानी को साल 2013 में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन की ओर से धमकी मिली थी। इसके बाद बाद तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार ने उन्हें Z सिक्योरिटी दी थी। बाद में खुफिया एजेंसियों द्वारा उन पर आतंकी हमले के खतरे की आशंका जताने के बाद इसे Z से बढ़ाकर Z+ कर दिया गया। मुकेश अंबानी को मिली Z+ सिक्योरिटी पर हर महीने 15-20 लाख रुपए का खर्च आता है। हालांकि, ये सारा खर्च अंबानी खुद उठाते हैं। वहीं, उनकी पत्नी नीता अंबानी को 2016 में केंद्र सरकार ने Y+ सिक्योरिटी दी थी।