दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान महापंचायत आज, मोदी सरकार के खिलाफ हजारों अन्नदाता भरेंगे हुंकार

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाली किसान महापंचायत को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी है। करीब दो हजार सुरक्षाकर्मियों को रामलीला मैदान के आसपास तैनात किया गया है।

Updated: Mar 20, 2023, 09:31 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज किसानों की महापंचायत होने वाली है। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से यह महापंचायत बुलाई है। इस महापंचायत में हजारों किसान जुटने जा रहे हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक हजारों किसान रामलीला मैदान में केंद्र की मोदी सरकार के विरुद्ध हुंकार भरेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने बयान जारी कर कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली किसान महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए पूरे देश से लाखों किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए कूच किया है। विभिन्न किसान संगठनों के संयुक्त मंच एसकेएम ने पिछले महीने बताया था कि किसान महापंचायत कृषि उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गांरटी को लेकर दबाव बनाने के लिए बुलाई गई।

यह भी पढ़ें: लंदन में भारतीय हाई कमीशन से खालिस्तान समर्थकों ने उतारा तिरंगा, भारत ने जताया विरोध

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता दर्शन पाल ने कहा कि केंद्र सरकार को 9 दिसंबर 2021 को हमें लिखित में दिए गए आश्वासन को पूरा करना चाहिए और साथ ही किसानों के सामने बढ़ते संकट को दूर करने के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्होंने एमएसपी पर गठित समिति को किसानों की मांग के विपरीत बताते हुए भंग करने की मांग की। इसके अलावा किसानों को पेंशन देने, कर्ज माफ करने, गांवों में सभी घरों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, किसान आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों को मुआवजा देने और संयुक्त संसदीय समिति को भेजे गए बिजली संशोधन विधेयक-2022 को वापस लेने की मांग की है।

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाली किसान महापंचायत को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी है। करीब दो हजार सुरक्षाकर्मियों को रामलीला मैदान के आसपास तैनात किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों और वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे रामलीला मैदान के आसपास खासतौर पर दिल्ली गेट से अजमेरी गेट चौक के बीच जेएलएन मार्ग पर जाने से बचें।