भारतीय युद्धपोत INS रणवीर में धमाका, तीन नौसैनिक शहीद, कई घायल

मंगलवार को मुंबई में नौसेना के युद्धपोत आईएनएस रणवीर के एक आंतरिक कंपार्टमेंट में विस्फोट हो गया, इस धमाके में नेवी के तीन जवानों की जान चली गई, जबकि 10 नौसैनिक घायल बताए जा रहे हैं

Updated: Jan 18, 2022, 06:11 PM IST

मुंबई। मुंबई नेवल बेस पर भारतीय युद्धपोत INS रणवीर में धमाका हो गया है, जिसमें नौसेना के तीन जवानों की जान चली गई। इस हादसे में करीब 10 नौसैनिकों के घायल होने की भी खबर है। घटना के तत्काल बाद चालक दल ने स्थिति नियंत्रित कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईएनएस रणवीर पूर्वी नौसेना कमान से क्रॉस कोस्ट ऑपरेशन पर तैनात था। यह युद्धपोत जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। इसी दौरान युद्धपोत के आंतरिक कंपार्टमेंट में ब्लास्ट हुआ। बताया जा रहा है कि इंडियन नेवी ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। 

Read More: दिग्विजय सिंह के अल्टीमेटम के बाद पिघले सीएम शिवराज, 21 जनवरी को दिया मुलाक़ात का समय

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जान गंवाने वाले नौसैनिकों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'INS रणवीर में विस्फोट की खबर बेहद दुखद है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले नौसैनिकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

बता दें कि इस युद्धपोत को साल 1986 में भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया था। इसे 310 नाविकों का एक दल संचालित करता है। INS रणवीर हथियारों और सेंसर से लैस है। इसमें सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें हैं साथ ही यह मिसाइल रोधी बंदूके और पनडुब्बी रोधी रॉकेट लॉन्चर से भी लैस है।