दिल्ली में भी हुई Omicron की एंट्री, LNJP में भर्ती मरीज में हुई नए वेरिएंट की पुष्टि

दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में इस वक्त विदेशों से आए अठारह मरीज भर्ती हैं, बारह लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आ गई है, जिसमें ग्यारह लोगों में सामान्य कोरोना होने की पुष्टि हुई है

Updated: Dec 05, 2021, 07:56 AM IST

नई दिल्ली। Omicron वेरिएंट देश की राजधानी दिल्ली में भी प्रवेश कर चुका है। दिल्ली में कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमित व्यक्ति की पुष्टि हो गई है। खुद दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कोरोना की पुष्टि है। 

नए वेरिएंट से संक्रमित व्यक्ति तंजानिया से भारत आया था। यह व्यक्ति एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती बारह संदिग्ध मरीजों में शामिल था। नए वेरिएंट से संक्रमित व्यक्ति के अलावा ग्यारह अन्य लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट सामने आ गई है। हालांकि अन्य ग्यारह लोगों में omicron वेरिएंट नहीं मिला है। इन्हें सामान्य कोरोना है। 

लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में इन बारह लोगों के अलावा 6 अन्य मरीज भी इस समय भर्ती हैं। इनमें से तीन लोग यूके से भारत आए हैं। इन 6 संदिग्ध मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आना अभी बाकी है। 

दिल्ली में omicron मरीज़ मिलने के बाद अब देश में कोरोना के नए वेरिंट के पांच मरीज मिल चुके हैं। कर्नाटक में दो मामलों के अलावा मुंबई और गुजरात में एक एक मामला सामने आ चुका है। मुंबई में संक्रमित पाया गया शख्स हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। जबकि गुजरात के जामनगर में संक्रमित पाए गए बुजुर्ग हाल ही में जिम्बाब्वे से लौटे थे।